मंदसौर ।पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मंदसौर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीणा (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री तस्लीम बरेल तथा एसडीओपी सुश्री कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना दलौदा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 30 ग्राम स्मैक पाउडर एवं 3.100 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 12 जुलाई 2026 को प्रधान आरक्षक कैलाश बघेल को मुखबिर से सूचना मिली कि दलौदा-धुंधड़का रोड स्थित श्मशान घाट के पास एक ग्रे रंग की एक्टिवा स्कूटी पर सवार एक युवक एवं एक महिला अवैध मादक पदार्थ लेकर जा रहे हैं। सूचना पर थाना प्रभारी उनि रविन्द्र प्रताप डांगी के नेतृत्व में टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शिवा उर्फ शिवनारायण परिहार पिता बसंतीलाल बलाई, उम्र 34 वर्ष, निवासी अंबिका नगर, दलौदा तथा नीलू पति शिवा उर्फ शिवनारायण बलाई, उम्र 31 वर्ष, निवासी अंबिका नगर, दलौदा बताए। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 30 ग्राम स्मैक पाउडर, 3.100 किलोग्राम डोडाचूरा, एक एक्टिवा स्कूटी (एमपी 14 ZH 6438) तथा दो एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किए गए। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.76 लाख रुपये बताई गई है, जिसमें 30 ग्राम स्मैक (करीब 3 लाख रुपये), 3.100 किलोग्राम डोडाचूरा (करीब 6 हजार रुपये), एक्टिवा स्कूटी (करीब 70 हजार रुपये) तथा दो मोबाइल (करीब 1 लाख रुपये) शामिल हैं। इस संबंध में थाना दलौदा में अपराध क्रमांक 255/2026 धारा 8/21, 15 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी गई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शिवा उर्फ शिवनारायण के विरुद्ध पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी तथा अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में उनि रविन्द्र प्रताप डांगी (थाना प्रभारी), सउनि कैलाश बघेल, प्रधान आरक्षक अजीत सिंह, प्रधान आरक्षक जितेन्द्र त्रिवेदी, आरक्षक युवराज सिंह, आरक्षक सुनील एवं महिला आरक्षक रीना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।