चीताखेड़ा। मंगलवार - बुधवार की रात को राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने ऑपरेशन नीलमणि के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए राजस्थान और मध्यप्रदेश का मोस्ट वांटेड अंतर्राज्यीय तस्कर सुनील मीणा (27) को मध्यप्रदेश के जीरन (जिला नीमच) से गिरफ्तार किया है।
आरोपी पर दोनों राज्यों सहित अन्य एजेंसियों के कुल 19 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं तथा उस पर कुल 1.69 लाख रुपये से अधिक का इनाम घोषित था। महानिरीक्षक पुलिस श्री विकास कुमार ने बताया कि सुनील कई वर्षों से फरार था और नशीले पदार्थों की तस्करी का बड़ा नेटवर्क संचालित करता था। वह पुलिस की घेराबंदी होने पर कई बार फायरिंग कर फरार हो जाता था, जिससे वह तस्करी की दुनिया में बेहद खतरनाक अपराधी माना जाता था। प्रमुख तथ्य8 माह तक चली गुप्त निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के बाद गिरफ्तारी।15 वर्ष की उम्र में अपराध की दुनिया में प्रवेश 27 वर्ष की उम्र तक 19 से अधिक मामले दर्ज।
एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी सहित कई गंभीर अपराधों में वांछित है।राजस्थान के नारको टॉप-25 अपराधियों की सूची में शामिल। राजस्थान, मध्यप्रदेश और एनसीबी द्वारा कुल ₹1.69 लाख का इनाम घोषित।
चरवाहा बनकर जुटाई खुफिया जानकारी :-
ANTF ने ऑपरेशन के दौरान अपने एक जवान को चरवाहे के वेश में लगभग 15 दिनों तक आरोपी के गांव और जंगलों में तैनात किया। जवान ने आरोपी की गतिविधियों, संपर्कों और छिपने के स्थानों की महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई। तकनीकी निगरानी और मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई की रणनीति तैयार की। बारिश बनी वरदान :- कार्रवाई के दौरान तेज बारिश ने ANTF की मदद की। बारिश का फायदा उठाकर टीम ने आरोपी के घर की घेराबंदी कर दबिश दी। तलाशी के दौरान सुनील घर में ड्रम के पीछे रजाई ओढ़कर छिपा मिला। पहले उसने अपना नाम बदलकर बताया, लेकिन कड़ी पूछताछ में उसने अपनी वास्तविक पहचान स्वीकार कर ली।
प्रतापगढ़ पुलिस का महत्वपूर्ण सहयोग :-
ऑपरेशन में प्रतापगढ़ पुलिस ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मध्यप्रदेश की सीमा से लगे दुर्गम इलाकों की भौगोलिक जानकारी और स्थानीय सहयोग के कारण ANTF को कार्रवाई में सफलता मिली।
टीम होगी सम्मानित-
महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार ने बताया कि इस सफल अभियान में शामिल ANTF और सहयोगी पुलिस टीमों को विशेष कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।