नीमच। जिले में अपराधियों और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए नीमच पुलिस ने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात विशेष कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान पुलिस ने 121 स्थायी और गिरफ्तारी वारंट तामील किए, जबकि एनडीपीएस, आबकारी एवं अन्य अधिनियमों के तहत 17 प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई की। जावद और सिंगोली थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए कुल 130 किलो 800 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ यह अभियान चलाया गया। इसमें राजपत्रित अधिकारियों, थाना व चौकी प्रभारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल ने भाग लिया। अभियान का मुख्य उद्देश्य लंबे समय से फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, आदतन अपराधियों की निगरानी, होटल-लॉज व ढाबों की जांच तथा महिला संबंधी अपराधों में संलिप्त बदमाशों पर नजर रखना रहा। 180 से ज्यादा वाहनों की जांच, 52 के चालान अभियान के दौरान जिले में 12 स्थानों पर संयुक्त वाहन जांच नाके लगाए गए। यहां 180 से अधिक वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 52 वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए 23 हजार 600 रुपए का समन शुल्क वसूला गया। वहीं शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। 121 वारंट तामील, वर्षों से फरार आरोपी भी गिरफ्त में -पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाकर 40 स्थायी और 81 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 121 वारंट तामील किए। इनमें शरीर संबंधी अपराधों के 37, संपत्ति संबंधी अपराधों के 14 तथा मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े एक वारंट का निष्पादन भी शामिल है। * जावद और सिंगोली में डोडाचूरा तस्करों पर बड़ी चोट-* जावद थाना पुलिस ने मारुति अर्टिगा कार से तस्करी के लिए ले जाया जा रहा 60 किलो डोडाचूरा जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं सिंगोली थाना पुलिस ने एक स्विफ्ट डिजायर कार से 70 किलो 800 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया। दोनों कार्रवाइयों में कुल 130 किलो 800 ग्राम अवैध मादक पदार्थ जब्त किया गया। शराब, सट्टा और निगरानी बदमाश भी पुलिस के रडार पर इसके अलावा आबकारी अधिनियम के तहत 13 प्रकरण दर्ज कर 68 लीटर अवैध देशी व कच्ची शराब जब्त की गई, जिसकी कीमत 8,700 रुपए बताई गई है। सट्टा एक्ट के दो मामलों में 730 रुपए नकद भी बरामद किए गए। पुलिस ने 53 होटल, लॉज और ढाबों की औचक जांच की, जबकि 112 निगरानी बदमाशों और चार जिला बदर अपराधियों का सत्यापन किया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 56 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। एसपी बोले अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा लगातार जारी -एसपी राजेश व्यास ने कहा कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। अपराधियों और अवैध गतिविधियों में लिप्त तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।