Latest News

बाढ़ से निपटने को तैयार होमगार्ड, मोरवन डैम पर जवानों ने सीखे रेस्क्यू के गुर।

Neemuch headlines July 6, 2026, 4:57 pm Technology

नीमच। मानसून के सक्रिय होने के साथ ही जिले में संभावित बाढ़ और जलभराव जैसी आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए होमगार्ड विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है। मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार नीमच जिले में बाढ़ आपदा प्रबंधन को लेकर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जवानों को रेस्क्यू ऑपरेशन की बारीकियां सिखाई गईं। मोरवन डैम पर आयोजित इस विशेष प्रशिक्षण शिविर में होमगार्ड कमांडेंट युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में करीब 40 होमगार्ड जवानों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान जवानों को तैराकी, बोट संचालन, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य, आपदा के समय त्वरित कार्रवाई तथा लोगों को सुरक्षित निकालने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए। प्रशिक्षण के दौरान जवानों ने रेस्क्यू तकनीकों का सफल प्रदर्शन भी किया। डेमो के माध्यम से बताया गया कि बाढ़ जैसी आपात स्थिति में किस प्रकार कम समय में लोगों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा सकता है। कमांडेंट युवराज सिंह चौहान ने बताया कि मानसून के दौरान जिले में कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर आ जाते हैं। ऐसे समय में प्रशिक्षित जवानों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है। यह प्रशिक्षण उन्हें किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने में सक्षम बनाएगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्लाटून कमांडर पुष्पा पंवार, होमगार्ड जवान बलवंत सिंह राठौर सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने बताया कि आपदा से पहले दिया गया यह प्रशिक्षण भविष्य में जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Related Post