Latest News

गणेश चतुर्थी आज, नोट कर लें गणपति बप्पा की संपूर्ण पूजा विधि और स्थापना का शुभ मुहूर्त

Neemuch Headlines September 10, 2021, 5:48 am Technology

देशभर में गणेश चतुर्थी का त्योहार 10 सितंबर दिन शुक्रवार यानी आज मनाया जाएगा।

इस दिन भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा की जाती है। गणपति पूजन में बहुत से लोग 10 दिन के लिए घर में गणपति बप्पा का आयोजन करते हैं और अनंत चतुर्दशी के दिन भगवान गणेश को धूमधाम के साथ विदाई देकर विसर्जन करते हैं। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, गणेश चतुर्थी के दिन भगवान गणेश की कृपा से सुख-शांति और सौभाग्य की प्राप्ति होती है।

गणपति स्थापना पूजन का शुभ मुहूर्त:-

गणेश चतुर्थी के दिन पूजन का शुभ मुहूर्त 12 बजकर 17 मिनट पर अभिजीत मुहूर्त से शुरू होगा और रात 10 बजे तक पूजन का शुभ समय रहेगा। इस साल गणेश चतुर्थी पर भद्रा का साया नहीं रहेगा। गणेश चतुर्थी के दिन 11 बजकर 09 मिनट से 10 बजकर 59 मिनट तक पाताल निवासिनी भद्रा रहेगी। शास्त्रों के अनुसार, पाताल निवासिनी भद्रा का योग शुभ माना जाता है।

गणेश चतुर्थी पूजा विधि:-

गणेश चतुर्थी के दिन सुबह स्नान-ध्यान करके गणपति के व्रत का संकल्प लें। इसके बाद दोपहर के समय गणपति की मूर्ति या फिर उनका चित्र लाल कपड़े के ऊपर रखें। फिर गंगाजल छिड़कने के बाद भगवान गणेश का आह्वान करें। भगवान गणेश को पुष्प, सिंदूर, जनेऊ और दूर्वा (घास) चढ़ाए। इसके बाद गणपति को मोदक लड्डू चढ़ाएं, मंत्रोच्चार से उनका पूजन करें। गणेश जी की कथा पढ़ें या सुनें, गणेश चालीसा का पाठ करें और अंत में आरती करें।

गणपति बप्पा को लगाएं भोग:-

गणेश जी को पूजन करते समय दूब, घास, गन्ना और बूंदी के लड्डू अर्पित करने चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से भगवान गणेश प्रसन्न होते हैं और अपना आशीर्वाद प्रदान करते हैं। कहते हैं कि गणपति जी को तुलसी के पत्ते नहीं चढ़ाने चाहिए। मान्यता है कि तुलसी ने भगवान गणेश को लम्बोदर और गजमुख कहकर शादी का प्रस्ताव दिया था, इससे नाराज होकर गणपति ने उन्हें श्राप दे दिया था।

Related Post