Latest News

आसमान का सिकंदर जमीन पर लाचार, जीरन में आंधी-तूफान के बीच गिरा दुर्लभ गिद्ध, देवदूत बनकर आए किसान ने बचाई जान।

Neemuch headlines June 3, 2026, 7:02 pm Technology

जीरन। देशभर में तेजी से विलुप्त हो रहे और दुर्लभ माने जाने वाले गिद्ध पक्षियों की मौजूदगी एक बार फिर जीरन क्षेत्र में देखने को मिली है। सोमवार शाम को क्षेत्र में आई तेज आंधी और झमाझम बारिश के दौरान एक गिद्ध घायल होकर जमीन पर गिर गया। राहत की बात यह रही कि समय रहते इस पर एक जागरूक किसान की नजर पड़ गई, जिससे इस दुर्लभ पक्षी का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सका। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम को मौसम बिगड़ने के बाद जीरन के ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास स्थित एक खेत में यह गिद्ध घायल अवस्था में असहाय पड़ा हुआ था। खेत के मालिक पवन पाटीदार ने जब इस विशालकाय और दुर्लभ पक्षी को देखा, तो उन्होंने तुरंत उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। घायल होने के कारण गिद्ध उड़ान भरने में पूरी तरह असमर्थ था। किसान ने दिखाई जागरूकता, वन विभाग को सौंपा -किसान पवन पाटीदार ने रातभर पक्षी की देखरेख की और अगले दिन सुबह होते ही इसकी सूचना वन विभाग की टीम को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पवन पाटीदार ने पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इस दुर्लभगिद्ध को सुरक्षित रूप से वन विभाग की टीम के सुपुर्द कर दिया। जीरन क्षेत्र में गिद्धों की मौजूदगी सुखद संकेत पर्यावरणविदों के अनुसार, देशभर में गिद्धों की संख्या में भारी गिरावट आई है और इन्हें बेहद संकटग्रस्त प्रजातियों की सूची में रखा गया है। ऐसे में जीरन क्षेत्र में गिद्धों की मौजूदगी और उनका दिखाई देना प्रकृति और स्थानीय पर्यावरण के लिए एक बेहद सुखद और सकारात्मक संकेत है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी किसान पवन पाटीदार की इस सूझबूझ और संवेदनशीलता की जमकर सराहना की है। जीरन क्षेत्र से एक घायल गिद्ध पक्षी का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। उसे उसके अनुकूल प्राकृतिक परिक्षेत्र (नेचुरल हैबिटेट) में छोड़ दिया गया है। हमारी टीम लगातार उसके मूवमेंट और स्वास्थ्य पर नजर रख रही है। आशीष प्लास, डिप्टी रेंजर (जीरन-चीताखेड़ा क्षेत्र

Related Post