मंदसौर । जिले में जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा जर्जर एवं खतरनाक भवनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत चिन्हित जर्जर भवनों को डिस्मेंटल करने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान एसडीएम शुभम पाटीदार, तहसीलदार नीलेश पटेल, नायब तहसीलदार श्री अभिषेक चौरसिया एवं नगर पालिका के ईई धारवे की उपस्थिति में नगर पालिका, राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। नगर पालिका मंदसौर द्वारा संबंधित भवन स्वामियों को पूर्व में जर्जर भवनों के संबंध में नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद आवश्यक कार्रवाई नहीं करने पर प्रशासन द्वारा भवनों को हटाने की कार्यवाही की गई। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए ऐसे जर्जर एवं जोखिमपूर्ण भवनों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से की अपील जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि उनके भवन जर्जर एवं खतरनाक स्थिति में हैं तो उन्हें स्वयं सुरक्षित रूप से हटाने अथवा आवश्यक मरम्मत कराने की कार्रवाई करें तथा प्रशासन का सहयोग करें। जर्जर भवन दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं और जन-धन की हानि की आशंका बनी रहती है। नागरिकों का सहयोग सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त शहर के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।