नीमच। रक्षाबंधन भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का पावन पर्व है। इस अवसर पर भारतीय डाक विभाग मंदसौर संभाग द्वारा मंदसौर एवं नीमच जिले के नागरिकों से अपील की जाती है कि वे अपनी राखियाँ, गिफ्ट एवं शुभकामना संदेश समय रहते अपने निकटतम डाकघर में बुक कराएँ, ताकि वे समय पर अपने प्रियजनों तक पहुँच सकें। भारतीय डाक की स्पीड पोस्ट, पार्सल तथा अंतरराष्ट्रीय मेल सेवाओं के माध्यम से देश एवं विदेश में रहने वाले भाई-बहनों तक राखियाँ सुरक्षित, विश्वसनीय और समयबद्ध तरीके से भेजी जा सकती हैं। मंदसौर एवं नीमच जिले के सभी डाकघरों में इन सेवाओं के माध्यम से राखियों की बुकिंग की जा रही है। भारतीय डाक विभाग अपनी व्यापक पहुँच, सुरक्षित वितरण और भरोसेमंद सेवाओं के लिए जाना जाता है। विभाग ने रक्षाबंधन के अवसर पर राखियों के त्वरित प्रसंस्करण एवं समय पर प्रेषण के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की हैं। भारतीय डाक विभाग मंदसौर एवं नीमच जिले के समस्त नागरिकों से अनुरोध करता है कि अंतिम समय की भीड़ से बचने के लिए अपनी राखियाँ शीघ्र बुक कराएँ और इस पावन पर्व पर अपने स्रेह का संदेश भारतीय डाक के माध्यम से अपने प्रियजनों तक पहुँचाएँ।