फिल्मी अंदाज में 100 किलो डोडाचूरा पकड़ा, स्कोडा कार से महाराष्ट्र जा रही थी खेप, हाई-स्पीड पीछा कर तस्कर गिरफ्तार।

Neemuch headlines June 1, 2026, 4:13 pm Technology

मंदसौर। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) मध्यप्रदेश इकाई ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 100.980 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक स्कोडा कार को भी जब्त किया गया तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

यह कार्रवाई सीबीएन मंदसौर इकाई एवं जावरा सेल की संयुक्त टीम द्वारा 30 मई 2026 को की गई। प्राप्त गुप्त सूचना के अनुसार मंदसौर क्षेत्र से डोडाचूरा की एक बड़ी खेप महाराष्ट्र के नासिक ले जाई जा रही थी। सूचना के आधार पर सीबीएन अधिकारियों ने माननखेड़ा टोल प्लाजा पर नाकाबंदी कर निगरानी शुरू की। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कोडा कार को आते देखा गया। कानून प्रवर्तन एजेंसियों की मौजूदगी का आभास होते ही चालक ने वाहन को यू-टर्न लेकर मौके से भगाने का प्रयास किया। सीबीएन टीम ने तत्काल वाहन का पीछा किया। फरार होने की कोशिश में तस्कर ने विभागीय वाहन को भी टक्कर मार दी, लेकिन अधिकारियों ने साहस और तत्परता का परिचय देते हुए महू-नीमच रोड स्थित कचनारा के पास न्यू कोटड़ी श्याम होटल के सामने घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। तलाशी के दौरान पता चला कि तस्करी के उद्देश्य से स्कोडा कार में विशेष रूप से बदलाव किया गया था। वाहन की पिछली सीट हटाकर एक गुप्त स्थान बनाया गया था, जिसमें छह बोरियों में डोडाचूरा छिपाकर रखा गया था।

जांच में कुल 100.980 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। अनिवार्य वैधानिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद डोडाचूरा और स्कोडा कार को जब्त कर लिया गया तथा आरोपी चालक को एनडीपीएस अधिनियम 1985 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार किया गया है। सीबीएन अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच जारी है और अंतर्राज्यीय मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क के आगे और पीछे जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Post