अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीबों को किया बेघर, मुआवजा दिए बगैर किसानों से छीने जा रहे खेत-राजकुमार अहीर

हबीब राही April 22, 2022, 8:01 pm Technology

कलेक्टर से मिले राजकुमार अहीर, गांव परवणी और मोरवन के लोगों की बताई समस्याएं

नीमच। भाजपा की सरकार क्षेत्र में गरीबों पर जुल्म ढा रही है। मुआवजा दिए बगैर तालाब निर्माण के नाम पर किसानों से उनकी कृषि भूमियां छीनी जा रही है। वही अतिक्रमण हटाने के नाम पर गरीबों को बेघर किया जा रहा है।

यह बात जिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष एवम जावद विधानसभा के प्रत्याशी रहे राजकुमार अहीर ने कहीं। वे विकासखंड जावद के ग्राम परवणी, ग्राम पंचायत नीलियां और मोरवन की समस्या को लेकर पीड़ित ग्रामीणों के साथ कलेक्टर मयंक अग्रवाल से मिले। उन्होंने कलेक्टर को पूरी समस्या बताई जिस पर उन्होंने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।

नहीं दिया मुआवजा, कर दिया भूमि पूजन:-

कांग्रेस नेता अहीर ने कहा कि कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा को हर काम में इतनी जल्दबाजी रहती है कि वे नियमों का पालन कराना भी उचित नहीं मानते। यह स्थिति ग्राम पंचायत नीलियां के गांव परवणी में सामने आई है। जहां मंत्री सकलेचा ने किसानों को मुआवजा दिए बगैर ही तालाब निर्माण का भूमि पूजन कर काम शुरू करवा दिया है।

तालाब निर्माण में की जा रही नियमों की अनदेखी:-

अहीर ने कलेक्टर मयंक अग्रवाल को बताया कि नियमानुसार किसी भी भूमि पर शासन द्वारा तालाब निर्माण किया जाता है तो पहले सर्वे कर प्रभावित होने वाले किसानों को मुआवजा दिया जाता है। जबकि ग्राम परवणी में ऐसा नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राधा बाई पति राधेश्याम बंजारा की निजी कृषि भूमि पर पक्का कुआं बना हुआ है, आम, कटहल और अमरूद के पेड़ लगे हुए हैं। ऐसे खेत को तालाब में शामिल किया जा रहा है और मुआवजा भी नहीं दिया गया है। यही नहीं पूर्व में किए गए सर्वे के अनुसार तालाब का आकार भी छोटा कर दिया गया है। पीड़ित राधाबाई को करीब 45 लाख रुपए का मुआवजा मिलना चाहिए। इसी तरह विधवा सुगना बाई पति कन्हैयालाल बंजारा का शासकीय भूमि पर करीब 50 वर्षों से कब्जा है। जहां वह खेती करती है और नियमानुसार शासन/राजस्व विभाग को शुल्क भी जमा कराती है। सुगना बाई के पति और बेटे की मृत्यु हो चुकी है, यह कृषि भूमि ही उसकी आजीविका का एकमात्र साधन है। ऐसे में सुगना बाई को उचित मुआवजा अथवा अन्य स्थान पर कृषि योग्य भूमि दी जाना चाहिए।

भाजपा सरकार ने लूटी वाहवाही, गरीबों को किया बेघर:-

कांग्रेस नेता राजकुमार अहीर ने बताया कि मोरवन में 36 करोड़ की शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने का दावा भाजपा सरकार द्वारा किया जा रहा है। सच्चाई यह है कि सत्ता के मद में भाजपा सरकार ने मोरवन में दिव्यांग दंपत्ति का मकान गिरा कर उन्हें बेघर कर दिया है। अहीर ने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा जिन हितग्राहियों को इंदिरा आवास योजना के तहत मकान बनाए थे, उन्हें भी गिरा दिया गया है। जो सरासर अन्याय है।

झूठे वादे और द्वेषता पूर्ण कार्रवाई :-

अहीर ने कहा कि भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चुनाव के समय घोषणा कर चुके हैं कि 10 वर्ष से जहां,जिसका कब्जा है, उसे वहां का मालिकाना हक दिया जाएगा। अब सच्चाई सामने है कि चुनाव के समय जनता से झूठा वादा किया और फिर द्वेषता पूर्वक लोगों के आशियाने अतिक्रमण हटाने के नाम पर गिरा कर उन्हें बेघर कर दिया।

पीड़ित और शोषित वर्ग की लड़ेंगे लड़ाई :-

अहीर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा पीड़ित और शोषित वर्ग के हित की लड़ाई लड़ती रही है। पीड़ितों को न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। ग्राम परवणी के पीड़ित लोगों के साथ कलेक्टर श्री अग्रवाल से चर्चा की है। उन्होंने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Related Post