सीमावर्ती अरावली टोल पर लूट के उद्देश्य से हुआ हमला, फायरिंग में मैनेजर हुआ घायल, आरोपियों को पकड़ने में पुलिस जुटी

एम.डी.मंसूरी August 22, 2020, 10:33 pm Technology

झाँतला। सिंगोली तहसील मुख्यालय से करीबी राजस्थान सीमा में अरावली टोल पर गत रात्रि लूट का प्रयास हुआ है। बदमाशों ने लाठी लोहे की रॉड से तोड़फोड़ की और पिस्तौल से फायर कर मैनेजर को घायल कर दिया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक हमलावर फरार हो गये। टोल कर्मियों की माने तो गत रात्रि करीब 8:00 बजे 7-8 हमलावर मुंह पर कपड़ा बांधे कार में सवार होकर आये और ताबड़तोड़ लाठी और लोहे की रॉड से तोड़फोड़ शुरू कर दी। एक हमलावर के हाथ में पिस्तौल थी जिससे उसने फायर भी किये। तुरत ही पुलिस को जानकारी दी गयी। पुलिस मौके पर पहुँचती उससे पहले हमलावर लूटपाट मचाकर फरार हो गये। टोल बूथ से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज में हमलावर तोड़फोड़, मारपीट और लूट को अंजाम देते हुए दिखाई दिये है। मामले में जानकारी देते हुए बेगूं थानाधिकारी रतन सिंह ने बताया कि गत रात्रि 8 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि आरोली टोल पर कुछ हमलावर तोड़फोड़ कर रहे हैं। वे तुरंत ही टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। लेकिन हमलावर भाग चुके थे। मौके पर मौजूद कुछ कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि 7-8 हमलावर मुँह पर कपड़ा बांधे टोल पर आये और कार से उतरते ही ताबड़तोड़ कर्मचारियों को धमकाते हुए तोड़फोड़ शुरू करदी। चार पांच हमलावर मैनेजर बुथ में घुसे और आंतरिक कक्ष के गेट को लोहे की रॉड से तोड़ा और अंदर जाकर वहां सो रहे मैनेजर धीरज पांडे के साथ मारपीट की। एक दो व्यक्तियों ने अंदर भी टोफोड़ की जबकि काली पोशाक धारण किए एक हमलावर ने पिस्तौल से फायर कर धीरज पांडे को घायल कर दिया। पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक हमलावरों में दो ऐसे व्यक्ति थे जिन्होंने पहले उसी टोल बूथ पर काम किया था। उनके बारे में जानकारी जुटा ली गई है, उन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा। थाना अधिकारी ने बताया कि हमला किस उद्देश्य किया गया ? यह हमलावरों के पकड़े जाने के बाद ही स्पष्ट हो पायेगा।

Related Post