Latest News

स्कूल खुलने से पहले कक्षा में घुसा सांप, पटेल ऑल रेस्क्यू टीम ने टाली बड़ी अनहोनी, विद्यार्थियों को दिया जीवनरक्षक संदेश, समाजसेवा की मिसाल पेश की

Neemuch headlines August 3, 2026, 5:34 pm Technology

सरवानिया महाराज लगातार हो रही बारिश के कारण बिलों में पानी भरने से सांप सुरक्षित ठिकानों की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों और शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच रहे हैं। सोमवार सुबह स्कूल खुलने से पहले,

जब सरवानिया महाराज स्थित सांदीपनि हाई सेकेंडरी स्कूल के कार्यालय सहायक विपिन कारपेंटर ने चैनल गेट खोलते समय सांप को कक्षा में जाते हुए देखा। सूचना मिलते ही विद्यालय स्टाफ ने सतर्कता बरतते हुए किसी को भी कक्षा के पास नहीं जाने दिया और तुरंत पटेल ऑल रेस्क्यू टीम को बुलाया। टीम की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया. जानकारी मिलते ही रेस्क्यू टीम के प्रमुख रूपलाल पाटीदार अपनी टीम के साथ विद्यालय पहुंचे और पूरे परिसर का निरीक्षण किया। तलाश के दौरान सांप कक्षा में रखी टेबल के नीचे छिपा मिला। करीब आधे घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान में विशेष उपकरणों की सहायता से सांप को सुरक्षित पकड़ लिया गया। अभियान के दौरान पूरे परिसर को सुरक्षित रखा गया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बाद में सांप को उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया। रेस्क्यू के बाद टीम ने विद्यार्थियों के लिए जागरूकता सत्र आयोजित किया। बच्चों को विषैले और गैर-विषैले सांपों की पहचान, उनके व्यवहार तथा बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही समझाया गया कि सांप दिखाई देने पर घबराने, उसे मारने या स्वयं पकड़ने का प्रयास नहीं करना चाहिए, बल्कि तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या संबंधित विभाग को सूचना देनी चाहिए। टीम ने यह भी बताया कि यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो झाड़-फूंक या अंधविश्वास में समय गंवाने के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचकर उपचार कराना चाहिए। समय पर चिकित्सा मिलने से अधिकांश मामलों में मरीज की जान बचाई जा सकती है। विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के महत्व की भी जानकारी दी गई।

इस अवसर पर पटेल ऑल रेस्क्यू टीम के प्रमुख रूपलाल पाटीदार ने समाजसेवा की मिसाल पेश करते हुए विद्यालय के आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए यूनिफॉर्म एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने हेतु ₹5100 की सहयोग राशि प्रदान की। उनकी इस पहल की विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने सराहना की। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती स्मिता नागदा ने पटेल ऑल रेस्क्यू टीम का पुष्पगुच्छ एवं वॉटर बॉटल भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि टीम ने समय पर पहुंचकर न केवल संभावित दुर्घटना को टाला, बल्कि विद्यार्थियों को जीवनरक्षक जानकारी देकर जागरूक भी किया। शिक्षक वीरेंद्र कुमार गुर्जर ने विद्यार्थियों से किसी भी आपदा की स्थिति में धैर्य बनाए रखने तथा विद्यालय परिसर में किसी भी वन्यजीव या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत शिक्षकों को देने की अपील की। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं तथा गो रक्षा टीम के सुनील माली, दीपेश पाटीदार, अर्जुन सिंह, आशीष राठौर और करन भोई सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे

। सभी ने पटेल ऑल रेस्क्यू टीम की तत्परता, साहस और समाजसेवा की भावना की प्रशंसा की।

Related Post