झांतला। स्थानीय शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रलय कुमार उपाध्याय, शांतिलाल धाकड़, पदम कुमार जैन, बाबूलाल छिपा, मांगीलाल गुर्जर, रामलाल धाकड़ व देवकन्या शर्मा आदि वरिष्ठ शिक्षकों के सेवानिवृत होने पर एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में झांतला, कदवासा संकुल केंद्र के विद्यालय परिवार ने उनके वर्षों की उत्कृष्ट सेवा काल की सराहना की। प्रभारी प्राचार्य श्रीमती वर्षा पीपलीवाल एवं विद्यालय के अन्य शिक्षकों ने उन्हें शाल श्रीफल एवं रामायण की प्रति भेंट करके सम्मानित किया। इस अवसर पर सभी शिक्षकों ने उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की । इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य श्रीमती वर्षा पिपलीवाल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि एक शिक्षक कभी सेवा निवृत नहीं होता उनके द्वारा दिए गए संस्कार और ज्ञान की ज्योति विद्यार्थियों के माध्यम से सदैव प्रज्वलित रहती है । कार्यक्रम को मनोज कुमार जैन, राजेंद्र जोशी सिंगोली, नेमीचंद धाकड़ कदवासा, श्रीमती वर्षा पीपलीवाल, श्रीमती किरण जैन, पेंशनर संघ के जिला अध्यक्ष शंभू लाल बागड़ा, भूपेश शर्मा जनपद सदस्य राजेश शर्मा, एमडी मंसूरी आदि ने भी संबोधित किया। सेवानिवृत्ति लेने वाले शिक्षकों ने अपने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया एवं अपने सेवा काल के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ शिक्षक जम्मू कुमार जैन ने किया।