एक करोड़ 26 लाख की लागत से बनने वाले अटल सेतु का कार्य अंतिम चरण में
नीमच। नगर पालिका परिषद नीमच की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन में शहर में जारी विकास श्रृंखला के तहत वार्ड क्रमांक 14 स्थित प्राइवेट बस स्टैंड के यहां 1 करोड़ 26 लाख की लागत से निर्मित अटल सेतु पुलिया का कार्य अंतिम चरण में है। गुरुवार 23 जुलाई को नपाध्यक्ष श्रीमती चोपड़ा ने वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद श्रीमती किरण शर्मा तथा अन्य पार्षद गणों व नगर पालिका अधिकारियों के साथ अटल सेतु पुलिया के कार्य का निरीक्षण किया एवं ठेकेदार को निर्देश दिए की कार्य की गुणवत्ता का पूर्ण ध्यान रखें एवं कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करें। श्रीमती चोपड़ा ने बताया की प्राइवेट बस स्टैंड की यह पुलिया शहर वासियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात है।इस पुलिया से बसों व अन्य वाहनों के साथ ही वैभव नगर सहित अन्य कॉलोनी के निवासियों व आम जनता तथा व्यवसायों का आवागमन होता है, यह पुलिया काफी क्षतिग्रस्त हो चुकी थी इसलिए शासन से विशेष अनुमति प्राप्त कर एक करोड़ 26 लाख रुपए की लागत से इस पुलिया का निर्माण किया जा रहा है और इसका नाम अटल सेतु रखा गया है। यह पुलिया 50 मीटर लंबी बन रही है और इसमें दोनों तरफ रिटर्निंग वॉल भी लगाए जा रहे हैं, साथ ही फेब्रिकेशन का कार्य करने के भी निर्देश दिए गए हैं ताकि यहां कचरा एकत्रित नहीं हो और पानी का बहाव निरंतर बना रहे। श्रीमती चोपड़ा ने कहा कि वार्ड पार्षद श्रीमती किरण शर्मा की पहल एवं अन्य पार्षदगणों के सहयोग से इस पुलिया का निर्माण हो रहा है और इस पुलिया के निर्माण से आवागमन का मार्ग सुलभ और सुरक्षित होगा तथा आमजन को काफी सुविधा प्राप्त होगी। निरीक्षण के दौरान पार्षद रूपेंद्र लोक्स, रामचंद्र धनगर, उपयंत्री प्रवीण परमार, अर्जुन राठौर, चिरंजीव चांदना, हिमांशु टांकवाल सहित नपा के कर्मचारी व क्षेत्रवासी उपस्थित थे।