जिले के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार पर रहेगा विशेष फोकस

Neemuch headlines July 23, 2026, 9:11 pm Technology

नीमच । मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत अमन वैष्णव की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद की कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में पर्यटन विकास को गति देने तथा ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के संबंध में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में शासकीय एवं अशासकीय सदस्यों सहित कुल 33 सदस्यों ने भाग लिया। उपस्थित सदस्यों ने जिले में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए अनेक महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में जिले के ऐतिहासिक गढ़ों एवं किलों, बांधों, झरनों, प्राचीन मंदिरों तथा पुरातात्विक महत्व के स्थलों को विशेष रूप से चिन्हित कर उन्हें पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से स्थान दिलाने का प्रस्ताव रखा गया। पर्यटन विकास के लिए जिले की वेबसाइट पर सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों की विस्तृत जानकारी, उनके ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व तथा उपलब्ध सुविधाओं का समावेश किए जाने पर भी सहमति व्यक्त की गई। साथ ही पर्यटन विभाग को सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग के उद्देश्य से इंस्टाग्राम पेज संचालित करने के निर्देश दिए गए, ताकि जिले के पर्यटन स्थलों का नियमित प्रचार-प्रसार किया जा सके और पर्यटकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके। बैठक में एडीएम बीएस कलेश,एएसपी श्रीमती हेमलता अग्रवाल,एसडीएम नीमच पराग जैन, डीईओ, सीएमओ नगर पालिका नीमच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, इतिहासकार, पर्यटन विशेषज्ञ, टूर ऑपरेटर, होटल एवं रिसॉर्ट प्रतिनिधि, मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला पुरातत्व संघ तथा अन्य संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता करते हुए जिले में पर्यटन विकास को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

Related Post