Latest News

योग से तन-मन को मिली नई ऊर्जा, IMA के योग सत्र में डॉक्टरों ने अपनाया स्वस्थ जीवन का मंत्र, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग गुरु उषा नवीन जैन के मार्गदर्शन में योगासन, प्राणायाम और ध्यान किया

Neemuch headlines June 22, 2026, 8:14 pm Technology

नीमच। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) नीमच द्वारा आयोजित योग सत्र में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का प्रेरणादायी संगम देखने को मिला।

सुबह आयोजित इस विशेष सत्र में चिकित्सकों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में "करें योग, रहें निरोग" का संदेश प्रभावी रूप से गूंजता रहा। IMA नीमच अध्यक्ष डॉ. मनीष चमाड़िया एवं सचिव डॉ. आदित्य भंडारी ने संयुक्त रूप से बताया कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी और तनावपूर्ण जीवनशैली में योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों का कार्य अत्यंत चुनौतीपूर्ण और जिम्मेदारी भरा होता है, ऐसे में स्वयं को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रखना भी उतना ही आवश्यक है। योग न केवल शरीर को ऊर्जावान बनाता है, बल्कि मन को स्थिर और सकारात्मक रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। योग गुरु श्रीमती उषा नवीन जैन ने सत्र के दौरान प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, श्वास क्रियाएं, प्राणायाम और ध्यान की विधियां कराईं।

उन्होंने बताया कि नियमित योग अभ्यास से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, तनाव और चिंता कम होती है तथा जीवन में संतुलन और एकाग्रता आती है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ. मनीषा चमाड़िया, डॉ. प्रियंका कदम, डॉ. प्रियंका जोशी, उषा मोदी, एलेना भंडारी, डॉ. अशोक जैन, डॉ. एल.आर. अग्रवाल, डॉ. अर्नव चंदेल, अलका सिंघल, डॉ. श्वेता गर्ग, डॉ. अनिल दुबे और डॉ. राजेंद्र भंडारी सहित अनेक चिकित्सकों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। योग सत्र के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग करने का संकल्प लिया। इसके बाद हेल्दी ब्रेकफास्ट के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन ने न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई, बल्कि चिकित्सक समुदाय के बीच आपसी जुड़ाव, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा को भी नई मजबूती प्रदान की गई।

Related Post