मंदसौर । कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सुशासन भवन स्थित सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में सड़क सुरक्षा, वर्षा पूर्व तैयारियों तथा यातायात व्यवस्था से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई। बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के अंडरपासों में वर्षा के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सेमली काकड़ औद्योगिक क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी पॉइंट को तत्काल सुगम बनाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने संबंधित निर्माण एजेंसियों को सड़क मरम्मत, गड्ढों को भरने तथा सड़क के शोल्डर निर्माण का कार्य प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण नहीं होने पर संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार पेनल्टी की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में वर्षा पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को जलमग्न क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने तथा आमजन को जलभराव वाले स्थानों से होकर आवागमन नहीं करने के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री राहत योजना तथा राहवीर योजना की भी समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त सड़कों के किनारे स्थित बिना मुंडेर वाले कुओं को चिन्हित कर वहां सुरक्षा जाली लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री विनोद कुमार मीना, अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल तथा जिला सड़क सुरक्षा समिति से संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।