केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) मंदसौर द्वारा 616 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (पॉपी स्ट्रॉ) जब्त, एक तस्कर गिरफ्तार

Neemuch headlines June 22, 2026, 5:08 pm Technology

नीमच। नशीले पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) मध्यप्रदेश द्वारा चलाए जा रहे सतत अभियान के अंतर्गत दिनांक 21 जून 2026 को एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए सीबीएन की मंदसौर द्वितीय खण्ड तथा पी एंड आई सेल, मंदसौर की संयुक्त टीम ने 616.000 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (पॉपी स्ट्रॉ) जब्त किया तथा एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। विशिष्ट गुप्त सूचना के आधार पर सीबीएन अधिकारियों ने मल्हारगढ़ एवं पिपलियामंडी के मध्य एक फ्लैटबेड ट्रक को रोका। मौके पर वाहन की विस्तृत तलाशी लेना संभव न होने के कारण उक्त ट्रक एवं उसके चालक को केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, मंदसौर कार्यालय परिसर लाया गया। कार्यालय परिसर में ट्रक की गहन तलाशी के दौरान फ्लैटबेड के निचले हिस्से तथा चालक के केबिन के पीछे विशेष रूप से निर्मित दो गुप्त कक्ष (Hidden Chambers) पाए गए। इन गुप्त कक्षों में छिपाकर रखे गए कुल 67 प्लास्टिक कट्टों से 616.000 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा (पॉपी स्ट्रॉ) बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान चालक के केबिन के पीछे बने गुप्त कक्ष में छिपाए गए प्लास्टिक कट्टों को बाहर निकालना अत्यंत कठिन साबित हुआ। ऐसी स्थिति में अन्य कोई विकल्प न होने पर टीम द्वारा लोहे काटने की मशीन (Iron Cutting Machine) मंगवाई गई, जिसकी सहायता से गुप्त कक्ष को काटकर शेष कट्टों को बाहर निकालते हुए पूरी खेप बरामद की गई। बरामद अवैध डोडाचूरा तथा उसके परिवहन में प्रयुक्त ट्रक को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस अधिनियम, 1985 (एनडीपीएस अधिनियम) के प्रावधानों के अंतर्गत जब्त कर लिया गया है तथा ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है। प्रकरण में आगे की जांच जारी है तथा इस अवैध तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो नशीले पदार्थों की तस्करी एवं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध दृढ़ संकल्पित है तथा देश को नशामुक्त बनाने हेतु अपने अभियान निरंतर जारी रखेगा।

Related Post