मंदसौर । कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग की अध्यक्षता में साप्ताहिक अंतरविभागीय समीक्षा बैठक सुशासन भवन स्थित सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि किसानों को खाद का वितरण अनिवार्य रूप से ई-विकास प्रणाली के माध्यम से किया जाए तथा खाद का शत-प्रतिशत वितरण इसी व्यवस्था के तहत सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि खाद का वितरण फसलों की आवश्यकता एवं निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाए। कलेक्टर ने स्वाइल हेल्थ कार्ड योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राकृतिक खेती से जुड़ने वाले किसानों का चयन एवं पंजीयन शीघ्रता से पूर्ण करने तथा प्राकृतिक खेती के विभिन्न घटकों का लाभ किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया। पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने क्षीरधारा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, अक्रियाशील मैत्री के पुनर्सक्रियकरण, कामधेनु योजना एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। बैठक में संबल योजना के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी नगरीय निकायों को जर्जर एवं खतरनाक भवनों का चिन्हांकन कर आवश्यकतानुसार उन्हें हटाने की कार्रवाई करने के लिए कहा गया। कलेक्टर ने 108 एम्बुलेंस सेवाओं की उपलब्धता एवं संचालन की समीक्षा करते हुए विगत दो माह की उपलब्धता रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही समग्र ई-केवाईसी, टीबी मुक्त भारत अभियान, उल्लास भारत साक्षरता कार्यक्रम तथा राजस्व संग्रहण की प्रगति की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत अनुकूल जैन सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।