नीमच। प्रदेशभर में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत सिंगोली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक मोटरसाइकिल से 620 ग्राम अवैध अफीम बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम एवं वाहन की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.60 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं एसडीओपी रोहित राठौर (जावद) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा के नेतृत्व में सिंगोली पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार 3 जून 2026 को अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ एवं नाकाबंदी अभियान के दौरान पुलिस टीम ताल-कोज्या रोड स्थित प्रेमपुरा फंटे पर तैनात थी। इसी दौरान परलाई की ओर से आ रही एक काले रंग की मोटरसाइकिल का चालक पुलिस नाकाबंदी देखकर वाहन मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा।
संदेह होने पर पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दल्लीचंद पिता पन्नालाल धाकड़, निवासी ग्राम हमेरगढ़, ग्राम पंचायत टोलू का लुहारिया, थाना जावदा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) बताया। पुलिस ने पंचों एवं टीम की मौजूदगी में मोटरसाइकिल की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन के बाएं साइड पैनल के अंदर फिल्टर के पास छिपाकर रखी गई एक पारदर्शी प्लास्टिक थैली बरामद हुई, जिसमें 620 ग्राम अवैध अफीम मिली। पुलिस ने अफीम जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है। जब्त सामग्री 620 ग्राम अवैध अफीम, अनुमानित कीमत लगभग 3.10 लाख रुपये हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार वर्मा एवं सिंगोली पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नशा तस्करी के विरुद्ध की गई इस प्रभावी कार्रवाई की पुलिस अधिकारियों ने सराहना की है।