भोपाल। अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय मौसम प्रणालियों के असर से 10 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में बादल, बारिश और तेज हवा की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि 9 और 10 जून को उत्तर मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में हीटवेव चलने का अनुमान है।
रविवार (7 जून 2026 ) को प्रदेश के 35 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। बीते दिन नर्मदापुरम, सिवनी, सीहोर, खरगोन समेत कई जिलों में बारिश हुई और शाजापुर में तेज बारिश के साथ ओले गिर। नौगांव में पारा सबसे ज्यादा 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सागर, दतिया, खजुराहो, दमोह, गुना , खंडवा, खरगोन, राजगढ़, टीकमगढ़ और मंडला में 40-41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। प्रदेश के 5 शहरों की बात करें तो ग्वालियर में 40.4 डिग्री, जबलपुर में 40.1 डिग्री, भोपाल में 38.8 डिग्री, उज्जैन में 38 डिग्री और इंदौर में 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल के मुताबिक, आगामी 2–3 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य अरब सागर के कुछ और भागों, महाराष्ट्र, कर्नाटक एवं आंध्र प्रदेश के शेष भागों, तेलंगाना के कुछ भागों, तमिलनाडु के शेष क्षेत्रों, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, पश्चिम-मध्य एवं उत्तर बंगाल की खाड़ी के कुछ और भागों तथा पूर्वात्तर भारत के शेष हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं।
वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ, एक ट्रफ और चक्रवातीय परिसंचरण सक्रिय है, इसके असर से 10 जून तक मौसम का मिजाज यूही बने रहने का अनुमान है। 11 जून को एक पश्चिमी विक्षोभ के पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करने की संभावना है। दक्षिण पश्चिम मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। केरलम से देश में प्रवेश हुआ मानसून 6 जून 2026 तक कर्नाटक, तमिलनाडु को पार कर गोवा पहुंच गया। अब जल्द ही मानसून के महाराष्ट्र समेत अन्य राज्यों में एंटर होने का अनुमान है। प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के 20 जून के आसपास पहुंचने का अनुमान है। सामान्य तौर पर मध्य प्रदेश में मानसून 15 जून के आसपास प्रवेश करता है, लेकिन इस बार 4-5 दिन की देर से आने की संभावना जताई जा रही है। रविवार को इन जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, धार, अलीराजपुर, बुरहानपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, झाबुआ, उज्जैन, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, शाजापुर, देवास, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, मंडला, बालाघाट, सिवनी, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में तेज हवा और बारिश की चेतावनी जारी की है।
इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।