रतलाम ।रतलाम जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत माननखेड़ा चौकी पुलिस ने बड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए 150 किलो अवैध डोडाचूरा सहित दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक 407 लोडिंग वाहन सहित कुल लगभग ₹13 लाख का मश्रूका जप्त किया है। इस कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) द्वारा जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्ती से अंकुश लगाने हेतु सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री विवेक कुमार लाल एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी जावरा श्री संदीप मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक आनंद सिंह आजाद के नेतृत्व में चौकी माननखेड़ा पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई अंजाम दी। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 25 मई की रात्रि में चौकी प्रभारी माननखेड़ा उपनिरीक्षक राजेश मालवीय को मुखबिर से सूचना मिली कि एक 407 लोडिंग वाहन क्रमांक RJ14GQ1141 में अवैध डोडाचूरा भरकर दो व्यक्ति जावरा की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए चौकी के सामने फोरलेन रोड पर घेराबंदी की। संदिग्ध वाहन को रोककर एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत तलाशी ली गई, जिसमें वाहन से 150 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। मौके से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जीवनराम पिता परमाराम विश्नोई (48 वर्ष) निवासी पालडीमेस थाना गच्छीपुरा जिला नागौर राजस्थान एवं सुखाराम पिता बल्लाराम विश्नोई (30 वर्ष) निवासी रेण थाना मेडता जिला नागौर राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस दोनों आरोपियों से डोडाचूरा के सप्लाई नेटवर्क, स्रोत एवं अन्य तस्करों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस द्वारा जप्त मश्रूका में 150 किलो अवैध डोडाचूरा जिसकी अनुमानित कीमत ₹3 लाख तथा 407 लोडिंग वाहन जिसकी कीमत लगभग ₹10 लाख बताई गई है। कुल जप्त मश्रूका की कीमत लगभग ₹13 लाख आंकी गई है। इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह आजाद, उपनिरीक्षक राजेश मालवीय, प्रधान आरक्षक हर्षवर्धन सिंह जगावत, आरक्षक घनश्याम कुमावत, संतोष कुमार, अनिल डांगी, सैनिक सुरेश उपाध्याय, जालमसिंह एवं शांतिलाल बामनिया की महत्वपूर्ण एवं प्रशंसनीय भूमिका रही।