मंदसौर । जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल ने 103 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए एवं कोई भी व्यक्ति अनावश्यक परेशान न हो।
लोगों को न्याय दिलाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान आए विभिन्न प्रकरणों में त्वरित निर्देश जारी किए गए। साबाखेड़ा निवासी कमलाबाई ने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर जनपद तहसीलदार मंदसौर को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। रिंडा निवासी रामेश्वर ने रास्ता खुलवाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर तहसीलदार मंदसौर ग्रामीण को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। नगरी निवासी डालुराम ने अंत्योदय योजना का लाभ दिलवाने के संबंध में आवेदन दिया। जिस पर सी. एम. ओ. नगरी को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।