Latest News

रेड स्पॉट्स पर मौत की हकीकत बताने वाले बोर्ड लगाए, सड़क हादसों को रोकने नीमच यातायात पुलिस की अनोखी पहल

Neemuch headlines May 26, 2026, 6:49 pm Technology

नीमच । यातायात पुलिस ने सड़क हादसों में कमी लाने और वाहन चालकों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिले के रेड स्पॉट्स पर विशेष चेतावनी बोर्ड लगाए हैं।

इन बोर्डों पर संबंधित स्थान पर हुई दुर्घटनाओं की तारीख एवं मृतकों की संख्या स्पष्ट रूप से अंकित की गई है, ताकि वाहन चालक सड़क की संवेदनशीलता को समझकर सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं। यातायात पुलिस द्वारा ग्राम चल्दू से सगरग्राम मार्ग के बीच लगाए गए बोर्डों पर उल्लेख किया गया है कि 15 अप्रैल 2026 से 06 मई 2026 के बीच सड़क हादसों में 05 लोगों की मृत्यु हुई है। पुलिस का मानना है कि वास्तविक आंकड़े देखने से वाहन चालकों में सतर्कता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी। यह अभियान कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन में जिला सड़क सुरक्षा समिति के माध्यम से चलाया जा रहा है। अभियान में यातायात पुलिस के साथ एनएचएआई, एमपीआरडीसी एवं पीएमजीएसवाई विभाग भी शामिल हैं। आज दिनांक 26 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में यातायात थाना प्रभारी सोनू बड़गुजर एवं उनकी टीम द्वारा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रेडियम चेतावनी बोर्ड लगाए गए। यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, तेज गति से वाहन न चलाएं, वाहनों पर प्रतिबंधित काली फिल्म का उपयोग न करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें।

Related Post