बस में डोडाचूरा तस्करी करनें वाले आरोपी को 04 वर्ष का सश्रम कारावास ओर जुर्माना

Neemuch Headlines April 25, 2026, 4:44 pm Technology

नीमच। श्रीमान् विनोद कुमार पाटीदार, विशेष न्यायाधीश (एन.डी.पी.एस. एक्ट), जावद जिला-नीमच द्वारा 39.600 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा की तस्करी करने वाले आरोपी प्रकाश पिता जवाहरलाल विश्नोई, उम्र- 27 वर्ष, निवासी- खेड़ी ढाणी, थाना-डांगियावास, जिला जोधपुर (राजस्थान) को धारा 8(सी)/15 (बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत 4 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 75000 रूपये अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।

अभियोजन मीडिया सेल प्रभारी एडीपीओ रितेश कुमार सोमपुरा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि घटना लगभग 05 वर्ष पूर्व की होकर दिनांक 07.02.2022 की रात्री के लगभग 11 बजे नयागांव आर.टी.ओ. बैरियर के सामने की हैं। घटना दिनांक को केंन्द्रीय नारकोटीक्स ब्यूरों के निवारक दल द्वारा पैट्रोलिंग करते हुवे नयागांव आर.टी.ओ. बैरियर के सामने वाहनों की चैकिंग की जा रही थी। उसी दौरान मन्दसौर की तरफ से एम.आर. ट्रैवल्स की बस आती हुई दिखाई दी, जिसको रोककर उसकी तलाशी लिये जाने पर उसकी डिक्की में दो संदेहास्पद सफेद कट्टे रखे हुए थे, जो कि बस में सवार आरोपी के थे।

दोनो कट्टों की तलाशी लिये जाने पर उसमें कुल 39.600 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा रखा हुवा था। निवारक दल द्वारा मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर व डोडाचूरा को जप्त कर आवश्यक अनुसंधान उपरांत परिवाद माननीय विशेष न्यायालय, जावद में प्रस्तुत किया गया। विचारण के दौरान सी.बी.एन. के विशेष लोक अभियोजक सुशील कुमार एरन द्वारा सभी महत्वपूर्ण गवाहों के बयान कराकर अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा की बस से तस्करी किये जाने के अपराध को संदेह से परे प्रमाणित कराते हुवे आरोपी को कठोर दण्ड से दण्डित किये जाने का निवेदन किया गया, जिस पर से माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी को उपरोक्त दण्ड से दण्डित किया।

प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी विशेष लोक अभियोजक सुशील कुमार ऐरन द्वारा की गई एवं सहयोग अभिभाषक सुश्री दीपशिखा रावल द्वारा किया गया।

Related Post