Latest News

सतर्कता और सुगमता के साथ आयोजित कराएं नीट परीक्षा : कलेक्टर श्रीमती गर्ग

Neemuch headlines June 18, 2026, 7:32 pm Technology

मंदसौर । राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) के सफल एवं व्यवस्थित आयोजन को लेकर कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से परीक्षा केंद्रों के एग्जाम कोऑर्डिनेटर एवं संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी अधिकारियों को सतर्कता एवं सुगमता के साथ परीक्षा संपन्न कराने तथा विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया समय पर पूर्ण कराने के निर्देश दिए। जिले में नीट परीक्षा चार केंद्रों — लाल बहादुर शास्त्री उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंदसौर, महारानी लक्ष्मीबाई शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंदसौर, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय मंदसौर तथा राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय मंदसौर में आयोजित होगी। परीक्षा में लगभग 1240 विद्यार्थी सम्मिलित होंगे। परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों का प्रवेश प्रातः 11 बजे से प्रारंभ होगा तथा परीक्षा दोपहर 2 बजे से आयोजित की जाएगी। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर अभिभावकों के बैठने हेतु समुचित वेटिंग एरिया एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की वाहन पार्किंग एवं अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में चेकिंग व्यवस्था को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रखने, सभी कक्षों में सीसीटीवी कैमरे संचालित रखने, कंट्रोल रूम की सतत निगरानी, बायोमेट्रिक ई-मशीनों के सुचारू संचालन तथा सभी केंद्रों पर जैमर स्थापित कर उनकी कार्यशीलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। परीक्षा की निगरानी के लिए मोटरसाइकिल पेट्रोलिंग दल की व्यवस्था भी रहेगी। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर मेडिकल स्टाफ एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त निर्बाध विद्युत आपूर्ति एवं पावर बैकअप की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोपहर 1 बजे के बाद किसी भी बाहरी व्यक्ति को परीक्षा केंद्र परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। कलेक्टर श्रीमती गर्ग ने कहा कि किसी भी केंद्र पर संसाधनों की कमी होने पर तत्काल जिला प्रशासन को अवगत कराया जाए तथा सेंटर कोऑर्डिनेटर परीक्षा संबंधी सभी नियमों एवं दिशा-निर्देशों का विशेष रूप से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने विद्यार्थियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

Related Post