नीमच। नशा तस्करी के खिलाफ जारी सख्त अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN), एमपी यूनिट ने लगातार बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग प्रकरणों में 55 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इन कार्रवाइयों में कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच जारी है।
पहला प्रकरणः-
दिनांक 22 मार्च 2026 को प्राप्त विशेष खुफिया सूचना के आधार पर P & I सेल, जावरा की टीम ने जावरा-उज्जैन हाईवे पर उज्जैन बायपास के पास (जिला रतलाम) एक होंडा CD110 डीलक्स मोटरसाइकिल को रोका। तलाशी के दौरान प्लास्टिक बोतल में छिपाकर रखी गई 0.865 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। एक आरोपी को गिरफ्तार कर अफीम एवं वाहन जप्त किया गया।
दूसरा प्रकरणः-
इसी दिन एक अन्य सूचना पर P & I सेल, जावरा एवं मंदसौर द्वितीय खण्ड की संयुक्त टीम ने ग्राम डिगांव माली (थाना अफजलपुर, जिला मंदसौर) में कार्रवाई करते हुए एक टाटा टियागो कार को रोका। तलाशी में सह-चालक सीट के नीचे छिपाकर रखे बैग से 1.827 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। इस मामले में भी एक आरोपी को गिरफ्तार कर मादक पदार्थ एवं वाहन जप्त किया गया। तीसरा प्रकरणः दिनांक 21 मार्च 2026 को प्राप्त विशेष सूचना पर CBN नीमच की टीम ने मंदसौर-कोटा इंटरसिटी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे दो व्यक्तियों को नीमच निम्बाहेड़ा रेलवे स्टेशन के बीच रोका। तलाशी के दौरान अलग-अलग कोचों में रखे बैगों से कुल 52.724 किलोग्राम डोडा चूरा (पॉपी स्ट्रॉ) बरामद किया गया।
इस प्रकरण में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। तीनों मामलों में जब्त मादक पदार्थों को विधि अनुसार कब्जे में लिया गया है तथा आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए आगे की जांच जारी है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने स्पष्ट किया है कि नशा मुक्त भारत के संकल्प के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।