Latest News

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, मध्यप्रदेश इकाई द्वारा 6.5 किलो अवैध अफीम बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार।

Neemuch headlines March 14, 2026, 2:44 pm Technology

नीमच। मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे निरंतर अभियान के अंतर्गत, प्राप्त विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN), मध्यप्रदेश इकाई द्वारा दिनांक 11.03.2026 को सफल कार्रवाई करते हुए अवैध अफीम की एक बड़ी मात्रा बरामद की गई।

सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति बिना पंजीकरण नंबर वाली TVS Jupiter स्कूटी पर सवार होकर नीमच क्षेत्र से अवैध अफीम लेकर जयपुर क्षेत्र के एक मादक पदार्थ तस्कर को आपूर्ति करने जा रहा है।

उक्त सूचना के आधार पर CBN, नीमच तृतीय डिवीज़न के अधिकारियों की एक टीम गठित कर 11.03.2026 की सुबह संदिग्ध मार्ग पर निगरानी हेतु तैनात किया गया। निगरानी के दौरान संदिग्ध स्कूटी एवं व्यक्ति की पहचान कर नीमच-मंदसौर हाईवे पर ग्राम चालदू, तहसील एवं जिला नीमच (म.प्र.) के पास स्थित मक्क्खा ढाबा के समीप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान स्कूटी से 04 प्लास्टिक बैगों में कुल 6.510 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करने के पश्चात बरामद 6.510 किलोग्राम अफीम तथा 01 TVS Jupiter स्कूटी को जब्त कर लिया गया है तथा एक व्यक्ति को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटैंसेस अधिनियम, 1985 के प्रासंगिक प्रावधानों के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया है।

मामले में आगे की जांच प्रचलित है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है तथा "नशा मुक्त भारत" के लक्ष्य को साकार करने हेतु अपने अभियान को निरंतर जारी रखे हुए है।

Related Post