नीमच । मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की चित्तौड़गढ़-2 डिवीजन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल से ले जाई जा रही अवैध अफीम बरामद की है। कार्रवाई में कुल 14.300 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सीबीएन अधिकारियों को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि मोटरसाइकिल के माध्यम से भाटखेड़ा चौराहे से महाराष्ट्र की ओर भारी मात्रा में अवैध अफीम ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर सीबीएन चित्तौड़गढ़-2 डिवीजन की टीम ने 8 मार्च को नीमच रोड पर भाटखेड़ा चौराहे के पास निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध वाहन पर नजर रखी। कुछ समय बाद एक मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल पर रखे बैग में पॉलीथिन में भरी 10 पैकेटों में कुल 14.300 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इसके बाद टीम ने अफीम और मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम 1985 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है
अधिकारियों ने बताया कि मामले की आगे जांच जारी है और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। यह कार्रवाई उप नारकोटिक्स आयुक्त कोटा के मार्गदर्शन में की गई। सीबीएन ने आमजन से भी अपील की है कि नशा एवं मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी कंट्रोल रूम या व्हाट्सएप नंबर पर देकर प्रशासन का सहयोग करें। सूचना देने वाले का नाम गोपनीय रखा जाएगा।