नीमच। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) कोटा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नीमच-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर एक कार से 4.135 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की है।
मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बरामद मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार CBN कोटा के अधिकारियों को विश्वसनीय खुफिया सूचना मिली थी कि बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली एक सफेद TUV-300 कार नीमच क्षेत्र से मारवाड़ की ओर अवैध अफीम लेकर जा रही है। सूचना के आधार पर CBN की टीम ने संदिग्ध मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी। 6 मार्च 2026 को नीमच (मध्यप्रदेश) में नीमच-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर पाश्र्वनाथ वेयरहाउस के पास संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन की डिग्गी में रखी कुल 4.135 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। इसके बाद टीम ने मादक पदार्थ और कार को जब्त कर लिया तथा वाहन में सवार दो लोगों को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट, 1985 की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया। CBN अधिकारियों के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
यह पूरी कार्रवाई उप नारकोटिक्स आयुक्त कोटा श्री नरेश बुन्देल के मार्गदर्शन में की गई। अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपनी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रखेगा, ताकि समाज विशेषकर युवाओं को नशे की समस्या से बचाया जा सके। साथ ही CBN ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी नशे या मादक पदार्थों की तस्करी से संबंधित जानकारी हो तो वे कंट्रोल रूम नंबर 0744-2438928 या व्हाट्सएप नंबर 8764748232 पर सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम और पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।