Latest News

उत्तरी भारत में ठंड से ठिठुरे लोग, शीतलहर बनेगी मुसीबत

Neemuch Headlines December 21, 2020, 9:21 am Technology

पहाड़ों में इन दिनों बर्फबारी का असर खूब देखने को मिल रहा है, जिससे मैदानी इलाकों में भी तापमान नीचे गिरता जा रहा है। गिरते तापमान के बीच ठंड का कहर भी बढ़ता जा रहा है। उत्तरी भारत के अधिकतर शहरों में शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है।

वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली व आसपास के इलाकों में 3.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान ने सर्दी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मैदानी राज्यों में ठंड जो सितम ढा रही है, उसकी मुख्य वजह पहाड़ों पर भारी बर्फबारी है।

उत्तरी भारत के ज्यादातर हिस्सों में औसत न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया है। तापमान में गिरावट के साथ कंपाने वाली सर्दी का कहर भी बढ़ रहा है। दरअसल, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में जबरदस्त बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर जितनी बर्फबारी होगी, मैदानों में उतनी ही ठंड बढ़ेगी।

दिल्ली-एनसीआर में न्यूनतम तापमान 3. 4 डिग्री रहा। वहीं इसने 10 साल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले 2011 में 16 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री था। दिसंबर के आखिर तक दिल्ली का न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने अगले सप्ताह तक ऐसी ही ठंड की स्थिति बने रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, एक हफ्ते बाद कुछ राहत मिलने की उम्मीद की जा सकती है। अगले सप्ताह उत्तर भारत में रात का तापमान सामान्य से नीचे बना रहेगा। विभाग ने 24 से 30 दिसंबर तक के लिए अपने पूर्वानुमान में कहा कि उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2-6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहेगा।

जानिए किन राज्यों में शीतलहर:-

भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक 24 दिसंबर तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में शीत लहर बढ़ जाएगी। बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान तीन डिग्री पहुंच गया है। दिल्ली में शीतलहर सोमवार तक जारी रह सकती है।

अमृतसर में पारा 0.4 डिग्री सेल्सियस तक गिरने के साथ पंजाब-हरियाणा शीतलहर की चपेट में हैं। वहीं, श्रीनगर और गुलमर्ग समेत कश्मीर घाटी के कई शहरों में रात का तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। 21-22 दिसंबर को घाटी में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है।

Related Post