नीमच । गांधी सागर से जिले की हर घर नल से जल प्रदाय योजना के सफल संचालन के लिए कलस्टर लेवल पर सभी सरपंचों, सचिवों, पम्प ऑपरेटरों और वाल्वमेनो का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर प्रशिक्षण प्रदान करें।
साथ ही पेयजल टंकीयों में जल भराव, प्रदाय की रीयल टाईम मानिटरिंग की व्यवस्था की जाए। यह निर्देश कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने शनिवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष नीमच में सभी निर्माण विभागों के अधिकारियों की बैठक में विभिन्न निर्माण कार्यो की प्रगति की समीक्षा करते हुए जल निगम एवं लोक स्वा.या.वि.के कार्यपालन यंत्री को दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अमन वैष्णव व विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर ने जल निगम महाप्रबंधक व एमपीआरडीसी के सहायक यंत्री को निर्देश दिए कि वे संयुक्त रूप से भ्रमण कर देखे, कि सड़कों के शोल्डर्स पर जहां भी जल निगम की पाईप लाईन डाली गई है,उनका मौका मुआयना कर रिर्पोट प्रस्तुत करें। कलेक्टर ने एमपीआरडीसी सहायक यंत्री को निर्देश दिए, कि वे नीमच, झालावाड़ सड़क निर्माण के लिए कन्सलटेंट द्वारा तैयार की जा रही डीपीआर निर्माण कार्य की स्वयं मॉनिटरिंग, मौका परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करें व रिर्पोट प्रस्तुत करें।
उन्होने नीमच, सिंगोली सड़क निर्माण कार्य का मौके पर जाकर निरीक्षण कर पुल, पुलियाओ के निर्माण कार्य की उपयोगिता एवं उपयुक्तता का मौका मुआयना कर, रिर्पोट प्रस्तुत करने के निर्देश भी सहायक यंत्री एम.पी.आर.डी.सी.के सहायक यंत्री को दिए। कलेक्टर ने सड़क विकास निगम, लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए, कि वे सभी सड़कों का निर्माण, गुणवत्तापूर्ण समय सीमा में करवाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने गांधी सागर समूह जल प्रदाय योजना की प्रगति की समीक्षा में निर्देश दिए, कि जनपद पंचायतों/ पंचायतों के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाए, कि 20 घरों की कोई भी बसाहट या 100 जनसंख्या वाली कोई भी बसाहट, हर घर नल से जल प्रदाय सुविधा के लाभ से छूटे नहीं यदि कोई गांव बसाहट छूट गया है, तो वहां भी हर घर नल से जल योजना के तहत नल कनेक्शन उपलब्ध करवाना जल निगम से सुनिश्चित करवाए।
बैठक में जल कर संग्रहण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी कलेक्टर ने संबंधित विभागों को दिए हैं।