राहगीर अभियान के अंतर्गत ग्राम बनी में जनभागीदारी से रास्तों से अतिक्रमण हटाया गया

Neemuch headlines April 18, 2026, 6:05 pm Technology

मंदसौर । मंदसौर जिले में किसानों की सुविधा और ग्रामीण आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “राहगीर अभियान” के अंतर्गत आज ग्राम बनी, तहसील शामगढ़ में अतिक्रमण हटाने की प्रभावी कार्रवाई की गई। यह अभियान कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के मार्गदर्शन एवं एसडीएम गरोठ श्री चौहान के निर्देशन में सतत रूप से संचालित किया जा रहा है। उपखंड गरोठ में 7 अप्रैल से प्रारंभ इस अभियान के सातवें चरण में राजस्व विभाग की टीम—जिसमें तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं हल्का पटवारी शामिल रहे—ने ग्राम बनी में जनभागीदारी के माध्यम से शासकीय एवं निजी भूमि से गुजरने वाले रास्तों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान भी उपस्थित रहे और उन्होंने अभियान में सक्रिय सहयोग दिया। कार्रवाई के दौरान खेतों तक पहुंचने वाले पारंपरिक रास्तों को चिन्हित कर उन्हें अतिक्रमण मुक्त किया गया, जिससे किसानों को अब अपने खेतों तक पहुंचने के लिए चौड़े एवं सुगम मार्ग उपलब्ध हो सकेंगे। इससे न केवल कृषि कार्यों में सुविधा होगी, बल्कि ग्रामीण क्षेत्र में आवागमन भी अधिक सुरक्षित और आसान बनेगा। प्रशासन द्वारा यह अभियान निरंतर जारी रखते हुए अन्य गांवों में भी इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसानों की वर्षों पुरानी रास्तों से संबंधित समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

जिला प्रशासन ने ग्रामवासियों से अपील की है कि वे शासकीय एवं सार्वजनिक रास्तों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें तथा इस प्रकार के जनहितकारी अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Related Post