नीमच। शहर में इन दिनों चारों तरफ आषाढ़ मास के पावन अवसर पर भक्ति और अध्यात्म की बयार बह रही है। इसी क्रम में इस्कॉन मंदिर के तत्वावधान में नीमच में अत्यंत भव्य और उत्साहपूर्ण तरीके से भगवान श्री जगन्नाथ रथ यात्रा निकाली गई।
इस धार्मिक महोत्सव में शहर के सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और ‘हरे कृष्ण, हरे राम’ के महामंत्र के साथ वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। समाजसेवी अशोक अरोरा गंगानगर ने की शुरुआत यात्रा के दौरान शहर के जाने-माने समाजसेवी अशोक अरोरा गंगानगर विशेष रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत में उन्होंने अत्यंत श्रद्धाभाव के साथ भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र जी और माता सुभद्रा के स्वरूपों की पूजा-अर्चना की और सर्वप्रथम भगवान जगन्नाथ को पुष्पमाला अर्पण कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात, पारंपरिक रीति-रिवाजों और जयकारों के बीच उन्होंने अन्य श्रद्धालुओं के साथ मिलकर भगवान जगन्नाथ का रथ खींचकर यात्रा को आगे बढ़ाया। उनके साथ रथ खींचने के लिए भक्तों में होड़ सी मच गई, और हर कोई इस पवित्र क्षण का साक्षी बनने को उत्सुक दिखा। *‘जय जगन्नाथ’ के जयकारों से गूंजा शहर* रथ यात्रा नीमच के मुख्य मार्गों से होते हुए गुजरी, जहां जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं द्वारा रथ यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। मार्ग में भजनों की धुनों पर भक्त झूमते-थिरकते नजर आए। रथ यात्रा में शामिल होने वाले गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं का कहना था कि भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के दर्शन मात्र से ही जीवन के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं और पुण्य की प्राप्ति होती है। यात्रा के अंत में महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने प्रसाद ग्रहण कर अपने जीवन को धन्य बनाया।
इस आयोजन ने नीमच शहर को पूरी तरह से कृष्णमय बना दिया है।