सी.आई.एस.एवं साइबर सुरक्षा विषय पर पैरा लीगल वॉलिंटियर्स का एक दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

Neemuch headlines July 24, 2026, 6:34 pm Technology

नीमच। मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच वीरेंद्र सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, नीमच द्वारा शुक्रवार को जिला न्यायालय परिसर स्थित ए.डी.आर. सेंटर भवन के सभागार में सी.आई.एस. एवं साइबर सुरक्षा विषय पर पैरा लीगल वॉलिंटियर्स का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जिला न्यायालय नीमच के जूनियर सिस्टम एनालिस्ट पीयूष नारायण एवं ब्रजेश पांडे ने सी.आई.एस. एवं ई-कोर्ट प्रणाली से संबंधित विषयों पर विस्तृत जानकारी देते हुए इसकी कार्यप्रणाली, उपयोगिता तथा न्यायिक प्रक्रियाओं में इसकी भूमिका से पैरा लीगल वॉलिंटियर्स को अवगत कराया।

इसके पश्चात जिला पुलिस साइबर सेल के डाटा प्रोटेक्शन ऑफिसर कुलदीप सिंह ने साइबर सुरक्षा विषय पर प्रशिक्षण देते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, साइबर अपराधों की रोकथाम तथा साइबर जागरूकता के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने डिजिटल माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा आमजन को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य पैरा लीगल वॉलिंटियर्स के ज्ञान एवं कौशल का उन्नयन कर उन्हें आमजन को विधिक सेवाओं, सी.आई.एस. पोर्टल एवं साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रभावी ढंग से उपलब्ध कराने के लिए अधिक सक्षम बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों ने विषय विशेषज्ञों से विभिन्न विषयों पर प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी प्राप्त किया। कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती शोभना मीणा, न्यायिक मजिस्ट्रेट विष्णु दुबे, जिला विधिक सहायता अधिकारी प्रवीण कुमार सहित बड़ी संख्या में पैरा लीगल वॉलिंटियर्स उपस्थित रहे।

Related Post