नीमच। शहर में सोमवार को धर्म, भक्ति और सनातन संस्कृति की अनुपम छटा देखने को मिली। अवसर था अखिल भारतीय सनातन परिषद के उज्जैन संभाग अध्यक्ष महंत योगी महावीर नाथ जी महाराज के प्रथम नीमच आगमन का।
शहर के सुप्रसिद्ध समाजसेवी अशोक अरोरा के निवास पर महाराज श्री के पधारते ही ढोल-ढमाकों की गूंज और श्रद्धालुओं के उत्साह के बीच संपूर्ण वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी अशोक अरोरा ने पूज्य महंत महावीर नाथ जी महाराज को पुष्पमाला अर्पित कर व धार्मिक दुपट्टा ओढ़ाकर आशीर्वाद ग्रहण किया। इसके साथ ही उन्होंने सनातन धर्म की रक्षा और जनसेवा का संकल्प दोहराया। 'हर-हर महादेव' और 'जय सनातन' के गगनभेदी जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। महाराज श्री के साथ पधारे अन्य साधु-संतों एवं महंतों का भी पुष्पमालाओं से भावभीना अभिनंदन किया गया।
उपस्थित संतों ने अशोक अरोरा की धार्मिक निष्ठा और सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया और अपना आशीर्वाद प्रदान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महंत योगी महावीर नाथ जी ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा और संस्कृति के संरक्षण के लिए आज संत समाज और समाजसेवी पूरी एकजुटता के साथ खड़े हैं। इसके साथ ही उन्होंने जावद आश्रम में घटी हालिया घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं और समाजजनों से धर्म तथा धर्मस्थलों की सुरक्षा के लिए सदैव संगठित रहने का आह्वान किया।