मंदसौर । पीएचई के कार्यपालन यंत्री वैभव भावसार द्वारा बताया गया कि वर्षाकाल में जलजनित बीमारियों की रोकथाम और ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा जिले में डायरिया रोको अभियान जिला कलेक्टर श्रीमती अदिती गर्ग के मार्गदर्शन मे चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिलेभर के समस्त पेयजल स्रोतों का क्लोरीनेशन करने के साथ लोगों को स्वच्छता और सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वर्षा के दौरान भूजल एवं अन्य पेयजल स्रोतों के दूषित होने की संभावना बढ़ जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए जिले के समस्त ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से जल स्रोतों का क्लोरीनेशन कराया जा रहा है, ताकि डायरिया, हैजा, टाइफाइड जैसी जलजनित बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित की जा सके। इसी क्रम में मन्दसौर विकासखंड के ग्राम अरनिया निजामुद्दीन व डिगांव मे सभी पेयजल स्रोतों में जर्मेक्स डालकर क्लोरीनेशन किया गया। अभियान के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जिला सलाहकार मुकेश गुप्ता, पीएमयु सलाहकार अंकित ठाकुर,हैंडपम्प टेक्निशियन मदनलाल मालवीय ने ग्रामीणों को पेयजल स्रोतों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, केवल स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल का उपयोग करने तथा डायरिया के कारण, लक्षण और बचाव के उपायों की सरल भाषा में जानकारी दी।