Latest News

31 जुलाई तक कराएं खरीफ फसलों का बीमा किसान समय रहते उठाएं योजना का लाभ

Neemuch headlines July 15, 2026, 6:30 pm Technology

नीमच । प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत खरीफ 2026 की फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

जिले के सभी ऋणी एवं अऋणी कृषकों से अपील की गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं। ऋणी कृषकों का फसल बीमा सामान्यतः संबंधित बैंक द्वारा किया जाता है। यदि किसी कारणवश बैंक द्वारा बीमा नहीं कराया गया हो, तो संबंधित कृषक तत्काल अपनी बैंक शाखा से संपर्क कर फसल बीमा सुनिश्चित करें। अऋणी कृषक तथा जिन किसानों का किसी कारण से फसल बीमा नहीं हो पाया है, वे निकटतम सहकारी बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक, राष्ट्रीयकृत बैंक, जन सेवा केंद्र अथवा एमपी ऑनलाइन केंद्र पर जाकर निर्धारित समय सीमा के भीतर फसल बीमा करा सकते हैं। इससे प्राकृतिक आपदा, प्रतिकूल मौसम अथवा फसल उत्पादन में कमी की स्थिति में योजना का लाभ प्राप्त किया जा सकेगा।

फसल बीमा के लिए आवश्यक दस्तावेज में आधार कार्ड (मोबाइल नंबर से लिंक), भू-अधिकार एवं ऋण पुस्तिका, बैंक खाते की पासबुक अथवा विवरण, स्व-प्रमाणित बुवाई प्रमाण पत्र अथवा पटवारी द्वारा जारी बुवाई प्रमाण पत्र तथा सिकमी पर खेती करने की स्थिति में शपथ पत्र शामिल हैं। कृषि विभाग ने जिले के सभी किसानों से आग्रह किया है कि वे खरीफ फसलों का बीमा समय पर कराकर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ सुनिश्चित करें, ताकि प्राकृतिक आपदा अथवा प्रतिकूल मौसम से फसल को होने वाले नुकसान की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्राप्त हो सके।

Related Post