Latest News

ग्रामीण सेवा शिविर 2026 का ग्राम पंचायत खोरिया में हुआ आयोजन, कलेक्टर ने किया निरीक्षण।

Neemuch headlines June 23, 2026, 7:04 pm Technology

प्रतापगढ़। जिले की धमोत्तर पंचायत समिति अंतर्गत ग्राम पंचायत खोरिया में ग्रामीण सेवा शिविर 2026 का सफल आयोजन किया गया। शिविर का निरीक्षण जिला कलेक्टर महोदया ने किया तथा विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों और संचालित गतिविधियों का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी अश्विनी मालू, तहसीलदार रामेश्वर लाल, विकास अधिकारी राकेश कुमार निनामा, प्रशासक मदन लाल मीणा, ग्राम विकास अधिकारी राधेश्याम धाकड़, शिविर प्रभारी वीरेंद्र सिंह, सह प्रभारी चंद्रशेखर, कनिष्ठ सहायक चंद्रकांता मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। शिविर के दौरान आमजन को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। 3 आवासीय पट्टों एवं 2 विवाह प्रमाण-पत्रों का वितरण किया गया। साथ ही राज्य सरकार की आगामी 1 जुलाई से लागू होने वाली वीबीजी रामजी योजना के तहत 125 दिवस रोजगार उपलब्ध कराने संबंधी विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई तथा योजना के प्रचार-प्रसार हेतु पेम्पलेट वितरित किए गए। कृषि विभाग द्वारा 100 किसानों को मक्का मिनी किट वितरित की गई, जिससे किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों एवं गुणवत्तापूर्ण बीजों का लाभ मिल सके। वहीं पुराने राजकीय विद्यालय परिसर में अस्थायी अतिक्रमण की सूचना पर तहसीलदार एवं राजस्व विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटवाया और भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर महोदया ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे ग्रामीणों में संतोष और उत्साह का माहौल देखने को मिला। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

Related Post