नीमच । माहेश्वरी समाज के आराध्य देव भगवान महेश के उत्पत्ति दिवस 23 जून मंगलवार को महेश नवमी पर्व के पावन उपलक्ष्य में सुबह विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ उत्साह के साथ विभिन्न आयोजन आयोजित किए गए। माहेश्वरी समाज नीमच के अध्यक्ष सत्यनारायण जागेटिया, सचिव सुरेश सोडानी, मीडिया प्रभारी ललित राठी ने बताया कि मंगलवार को सुबह 5 बजे श्री राम मंदिर से समाज जनों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई। जो श्री राम मंदिर से प्रारंभ होकर पुनः श्री राम मंदिर पहुंचकर धार्मिक अनुष्ठानों में परिवर्तित हो गई। प्रभात फेरी में चार पहिया हाथ ठेला गाड़ी में भगवान महेश को फूलों से श्रृंगारित किया गया था। समाज जन भजन कीर्तन गाते चल रहे थे। सभी समाज जनों द्वारा मार्ग में आने वाले बिचला गोपाल मंदिर, नरसिंह मंदिर, श्री बड़े बालाजी मंदिर के प्रवेश द्वार पर विशेष भजन कीर्तन प्रस्तुत किये। महेश्वरी भवन से लेकर पुस्तक बाजार श्री राम मंदिर तिलक मार्ग घंटाघर क्षेत्र को 108 प्रवेश तोरण द्वार से सजाकर महेश जयंती शोभा यात्रा का स्वागत किया गया।
सुबह 8 बजे श्री राम मंदिर पर अभिषेक वैदिक मंत्र उच्चारण के साथ आयोजित किया गया। इसके साथ ही सुबह 9:30 बजे महेश्वरी भवन से माहेश्वरी युवा संगठन नीमच के तत्वाधान में एक वाहन रैली निकाली गई जो नगर के प्रमुख मार्गो से होती हुई पुनः माहेश्वरी भवन पहुंचकर महेश नवमी कार्यक्रमों में परिवर्तित हो गई। वाहन रैली में सबसे आगे डीजे पर भगवान महेश के जीवन चरित्र पर आधारित भजन कीर्तन की श्वर लहरियां बिखर रही थी। खुली खुली जीप रूपी रथ में माहेश्वरी समाज नीमच के अध्यक्ष सत्यनारायण जगेटिया, जिला अध्यक्ष सुनील गगरानी, युवा अध्यक्ष पीयूष काबरा, विराजित थे। जिनका मार्ग में स्थान स्थान पर समाज जनों द्वारा पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया गया। रैली का मार्ग में स्थान स्थान पर पुष्प वर्षा से आत्मिय अगवानी की गई। विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारीयों द्वारा अनेक स्थानों पर ठंडा पेयजल की सुविधा भी उपलब्ध थी। इसके साथ ही महिलाएं लाल परिधानों में केसरिया ध्वज लिए दो पहिया वाहनों पर चल रही थी। पुरुष पुरुष सफेद परिधानों में वाहनों पर सवार थे। सुबह 11 बजे महेश्वरी भवन के नवनिर्मित सभागार में पारितोषिक वितरण कार्यक्रम, पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान मेधावी छात्र छात्र पुरस्कार सम्मान एवं दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे तक स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया।
माहेश्वरी समाज के आराध्य देव भगवान महेश के उत्पत्ति पर्व महेश नवमी के उपलक्ष्य में रथ यात्रा भगवान महेश की पूजा अर्चना के बाद रथ यात्रा चल समारोह प्रारंभहुआ। रथ यात्रा पुस्तक बाजार तिलक मार्ग विवेक पथ महेश सर्कल, महेश मार्ग होते हुए समाज भवन पर पहुंची समारोह में पुरुष श्वेत तथा महिलाएं केसरिया पीले परिधानों में नन्हे मुन्ने बच्चे सपरिवार शामिल थे। शोभायात्रा के पश्चात महेश्वरी भवन में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाती गौरव चोपड़ा, जिला माहेश्वरी समाज के नीमच के जिला अध्यक्ष सुनील गगरागनी, जिला पंचायत सदस्य एवं कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राकेश पप्पू जैन अतिथि के रूप में उपस्थित थे।
महेश जयंती पर्व के उपलक्ष्य में सभी समाजजन अपने-अपने संस्थान का अवकाश रखकर सभी कार्यक्रमों में शामिल हुए तथा अपने अपने आवास पर दीप प्रज्वलित कर सामाजिक एकता प्रदर्शित की।