मंदसौर । जिला परियोजना प्रबंधक म.प्र.डे.-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र मंदसौर ने बताया कि म.प्र.डे.-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग (एमएसएमई विभाग) के संयुक्त तत्वावधान में जिले के समस्त विकासखंडों में स्व-सहायता समूहों से जुड़े उद्यमियों के लिए विशेष उद्यम पंजीयन अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के अंतर्गत विकासखंड मल्हारगढ़ एवं मंदसौर में 24 जून 2026, भानपुरा एवं गरोठ में 29 जून 2026 तथा सीतामऊ में 30 जून 2026 को जनपद पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों के माध्यम से निर्धारित लक्ष्य के अनुसार गैर-कृषि उद्यमों का उद्यम पंजीयन किया जाएगा। शिविरों में उद्यम पंजीयन के साथ-साथ मध्यप्रदेश शासन की हितग्राही मूलक मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत ऋण प्राप्ति हेतु आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी प्रदान की जाएगी। पात्र हितग्राहियों को योजना से जुड़ी आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकें। संबंधित अधिकारियों ने स्व-सहायता समूहों से जुड़े सभी पात्र उद्यमियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर आयोजित शिविरों में उपस्थित होकर उद्यम पंजीयन एवं विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।