नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) नीमच ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जारी अभियान के तहत एक और महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। अपराध क्रमांक 08/2026/NMH-I में की जा रही अनुवर्ती कार्रवाई के दौरान सीबीएन अधिकारियों ने 17.960 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त करते हुए दो व्यक्तियों को निरुद्ध किया है। उल्लेखनीय है कि 17 जून 2026 को सीबीएन नीमच ने इसी प्रकरण में 1619.340 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया था। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर अधिकारियों ने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले की निम्बाहेड़ा तहसील के ग्राम कनेरा स्थित एक बाड़े पर दबिश दी। यहां खड़ी एक महिंद्रा स्कॉर्पियो वाहन की तलाशी लेने पर उसमें छिपाकर रखा गया 17.960 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
यह वही वाहन बताया जा रहा है जिसका उपयोग 17 जून को पकड़े गए वाहन तक डोडाचूरा पहुंचाने में किया गया था। सीबीएन अधिकारियों के अनुसार बरामद डोडाचूरा तीन एचडीपीई प्लास्टिक बैगों में भरा हुआ था और आंशिक रूप से कुचली हुई अवस्था में वाहन के भीतर छिपाकर रखा गया था। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद दो व्यक्तियों को भी निरुद्ध किया गया। विधिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद बरामद मादक पदार्थ को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 की प्रासंगिक धाराओं के तहत जब्त कर लिया गया है। कार्रवाई के बाद जब सीबीएन का दल सरकारी वाहनों से वापस लौट रहा था, तब लगभग 100 से 150 अज्ञात व्यक्तियों की भीड़ ने मार्ग अवरुद्ध कर वाहनों को रोकने का प्रयास किया। अधिकारियों ने सूझबूझ और संयम का परिचय देते हुए भीड़ को समझाया-बुझाया, जिसके परिणामस्वरूप करीब 45 मिनट बाद सरकारी वाहन सुरक्षित रूप से गांव से बाहर निकलने में सफल रहे।
सीबीएन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी तथा नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार के विरुद्ध कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।