मंदसौर । थाना गरोठ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में एमडी ड्रग, केमिकल एवं उपकरण जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक मंदसौर श्री विनोद कुमार मीना के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गरोठ श्रीमती हेमलता कुरील एवं एसडीओपी गरोठ श्री विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी गरोठ निरीक्षक हरीश मालवीय एवं उनकी टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर ग्राम सुरजना स्थित एक खेत के कुएं पर दबिश दी गई। मौके पर दो व्यक्ति एमडी ड्रग बनाते हुए पाए गए। उनके कब्जे से एक स्टील के घड़े में तीव्र गंध वाला एमडी बनाने में उपयोग होने वाले केमिकल का मिश्रण मिला, जिसे छाछ बनाने की मशीन की सहायता से तैयार किया जा रहा था। मौके से एमडी ड्रग बनाने में उपयोग किए जाने वाले अन्य उपकरण और केमिकल भी बरामद किए गए। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम दीपक पिता राधेश्याम सिकलीगर उम्र 32 वर्ष निवासी सुरजना एवं सुमित पिता राजाराम सिकलीगर उम्र 19 वर्ष निवासी सुरजना बताए।
आरोपियों के खिलाफ थाना गरोठ में अपराध क्रमांक 50/2026 अंतर्गत धारा 8/15, 22, 29 एवं 30 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 102 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी, स्टील के घड़े में रखा 12 किलो 610 ग्राम केमिकल मिश्रण, 3 किलो 540 ग्राम पारदर्शी तरल पदार्थ, 680 ग्राम सफेद केमिकल पाउडर, एक लाल रंग का गैस सिलेंडर, एक सेंट्रीफ्यूज मशीन, एक चूल्हा-भट्टी, स्टील की थाली, स्टील का भगोना, नीले रंग का बिजली कनेक्शन तार, अर्थिग हेतु लोहे का सरिया तथा दो वीवो कंपनी के एंड्रॉइड मोबाइल जब्त किए हैं। इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक हरीश मालवीय थाना प्रभारी गरोठ एवं अन्य थानों की पुलिस टीमों का सराहनीय योगदान रहा।
मंदसौर पुलिस प्रदेशभर में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध एवं दृढ़संकल्पित है।