कॉम्बिंग गश्त में 135 गैर जमानती वारंट तामील, 21 आबकारी प्रकरणों में कार्यवाही, 99 लीटर अवैध शराब जब्त

Neemuch headlines February 3, 2026, 7:30 pm Technology

नीमच । पुलिस अधीक्षक जिला नीमच अंकित जायसवाल के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया के मार्गदर्शन में दिनांक 02/03 फरवरी 2026 की दरम्यानी रात्रि में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में विशेष कॉम्बिंग गश्त का आयोजन किया गया।

इस दौरान जिले भर में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़, निगरानी बदमाशों की चैकिंग, होटल-लॉज-ढाबों की जांच एवं अवैधानिक गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की गई। कॉम्बिंग गश्त के दौरान की गई प्रमुख कार्यवाही - जिले के 12 स्थानों पर संयुक्त चैकिंग कर 340 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 44 वाहनों के चालान काटकर 16,600 रुपये समन शुल्क वसूल किया गया। साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। कुल 135 वारंट तामील कराए गए, जिनमें 55 स्थाई वारंट एवं 80 गिरफ्तारी वारंट शामिल हैं। यह सभी वारंटी लंबे समय से फरार चल रहे थे। वारंट तामीली के अंतर्गत मादक पदार्थ तस्करी के 02, शरीर संबंधी अपराधों के 77 एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के 25 वारंट शामिल रहे। कुल 81 निगरानी बदमाश एवं गुंडा तत्वों की रात्रिकालीन चैकिंग की गई। अवैधानिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से 68 होटल, लॉज एवं ढाबों की जांच की गई।

आबकारी अधिनियम के तहत 21 प्रकरणों में कार्यवाही करते हुए 99 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। सट्टा अधिनियम के अंतर्गत 02 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। जिले में 42 अनावेदकों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई। महिला संबंधी अपराधों के 07 आदतन आरोपियों की चैकिंग कर उनकी गतिविधियों की जानकारी एकत्र की गई। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधों पर नियंत्रण हेतु इस प्रकार की कॉम्बिंग गश्त व सघन कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।

Related Post