दो डोडाचूरा तस्करों को 13-13 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 02-02 लाख रूपये अर्थदण्ड

Neemuch headlines February 2, 2026, 3:54 pm Technology

नीमच। श्रीमान् जितेन्द्र कुमार बाजोलिया, विशेष न्यायाधीश (एन.डी.पी.एस. एक्ट) जिला-नीमच द्वारा 259 कट्टों में कुल 3927 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा की अंतर्राज्यीय तस्करी करने वाले दो आरोपीगण (1) अजय कुमार पिता राजेश कुमार विश्नोई, उम्र-21 वर्ष, निवासी-ग्राम खाबड़ा खुर्द, तहसील ओसियां जिला जोधपुर (राजस्थान) एवं (2) विकास पिता सावलराम विश्नोई, उम्र-20 वर्ष, निवासी ग्राम डोली कलां, तहसील कल्याणपुर, जिला बालोतरा (राजस्थान) को धारा 8/15(सी) एन.डी.पी.एस. एक्ट के अंतर्गत 13-13 वर्ष के सश्रम कारावास एवं 02-02 लाख रूपये अर्थदण्ड से दण्डित किया गया।

प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी करने वाले सी.बी.एन. के विशेष लोक अभियोजक सुशील ऐरन द्वारा घटना की जानकारी देते हुुए बताया कि दिनांक 19.06.2024 को सीबीएन कार्यालय पर मुखबिर सूचना प्राप्त हुई कि जोधपुर राजस्थान के तस्कर ट्रक से झारखंड क्षैत्र के गांव से भारी मात्रा में अवैध डोडाचूरा लेकर, आगरा-जयपुरा हाईवे से होते हुये जोधपुर ले जाने वाले हैं। मुखबीर सूचना के आधार पर सीबीएन द्वारा निवारक दल का गठन किया गया तथा दिनांक 21.06.2024 को शाम के लगभग 06 बजंे के सिकंदरा टोल प्लाजा, बयाना जयपुरा मार्ग, भोजपुरा, राजस्थान पर मुखबीर द्वारा बताया हुवा ट्रक आया, जिसमें दोनो आरोपीगण बैठे हुवे थे। ट्रक की कार्यालय केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, नीमच ले जाकर तलाशी लिये जाने पर ट्रक में भिन्न-भिन्न रंग के कुल 259 प्लास्टीक के कट्टे भरे हुवे थे, जिनका वजन किये जाने पर उसमें कुल 3927.350 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा भर कर रखा हुआ था।

सीबीएन द्वारा ट्रक व डोडाचूरा को जप्त कर व आरोपीगण को गिरफ्तार कर आवश्यक अनुसंधान उपरांत परिवाद माननीय विशेष न्यायालय, नीमच में प्रस्तुत किया गया। विचारण के दौरान विशेष लोक अभियोजक द्वारा सभी महत्वपूर्ण गवाहों के बयान कराकर अवैध मादक पदार्थ डोडाचूरा की अंतर्राज्यीय तस्करी किये जाने के अपराध को संदेह से परे प्रमाणित कराते हुवे आरोपीगण को कठोर दण्ड से दण्डित किये जाने का निवेदन किया गया, जिस पर से माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी कोे उपरोक्त दण्ड से दण्डित किया।

प्रकरण में शासन की ओर से पैरवी विशेष लोक अभियोजक सुशील ऐरन द्वारा की गई।

Related Post