नीमच। जिस प्रकार गौतम स्वामी ने महावीर स्वामी के समक्ष अपने आप को समर्पित किया और अहंकार का त्याग किया तो उन्हें आत्म कल्याण का मार्ग मिल गया था इसलिए हमें भी तपस्या भक्ति और परमात्मा की भक्ति के प्रति समर्पण रखना होगा तभी हमारी आत्मा का कल्याण हो सकता है। जीव दया का पालन करते हुए मन को पवित्र रखना चाहिए। अहंकार के त्याग बिना आत्मा का कल्याण नहीं होता है।
यह बात साध्वी गुणरंजना श्री जी महाराज साहब ने कहीं। वे महावीर जिनालाय विकास नगर में श्री संघ द्वारा आयोजित धर्म सभा में बोल रही थी। उन्होंने अपने धार्मिक क्रांतिकारी उद्बोधन के माध्यम से कहा कि जिन शासन का कार्य कर्तव्य भाव से समझ कर आत्म निष्ठा के साथ करना चाहिए तो उसका पुण्यफल अवश्य मिलता है। मनुष्य जीवन दुर्लभ है इसको हमें कचरा पात्र नहीं बनाना चाहिए। आठ पाप कर्मों से बचकर शुभ कर्म करना चाहिए तभी हमारे जीवन का कल्याण हो सकता है। हमें ध्यान लगाना चाहिए प्रतिदिन ताकि आज्ञा चक्र जाग सके और हम हमारी आत्मा का तथा दूसरों का कल्याण कर सके। प्रतिदिन आत्म कल्याण के लिए सामायिक प्रतिक्रमण और 5 मिनट का ध्यान लगाना चाहिए तो आत्मा में शांति के भाव उत्पन्न हो सकते हैं। महावीर स्वामी, श्री कृष्ण व श्री राम ने अपनी माता को सुखी रखने के लिए उनकी आज्ञा का पालन किया और संसार को एक आदर्श प्रेरणादाई संदेश प्रदान किया था जो आज भी प्रासंगिक है। गुरु और परमात्मा के दर्शन के बाद मनुष्य सारे संसार के दुख भूल जाता है। मानव को संसार का त्याग कर शून्य में जाना होगा तभी संसार के दुःख दूर हो सकते हैं।
साध्वी जी महाराज साहब द्वारा मांगलिक श्रवण करवाई। श्रवण करने के बाद सभी ने साध्वी मसा से आशीर्वाद ग्रहण किया। धर्म सभा का संचालन राजेंद्र बंबोरिया ने किया। प्रवचन के पश्चात साध्वी महाराज साहब विकास नगर महावीर जिनालय में मंदिर दर्शन के बाद जुलूस के साथ श्री संघ के साथ हुडको कॉलोनी स्थित श्री मती गुण बाला, नितेश नांदेचा के आवास पर पहुंची। यहां से वे 9 फरवरी को सुबह 9 बजे शिक्षक कॉलोनी शिक्षक सहकार भवन के समीप संदीप खाबिया के आवास पर आयोजित धर्म सभा को संबोधित करने पहुंचेगी। सभी समय पर उपस्थित होकर धर्म ज्ञान गंगा का पुण्य लाभ ग्रहण करें। साध्वी गुण रंजनाजी इस कार्यक्रम के बाद शक्तिनगर स्थित आराधना भवन में विराजित रहेगी। जहां सभी को दर्शन लाभ होंगे। इस अवसर पर श्री संघ के वरिष्ठ प्रेम प्रकाश जैन, अध्यक्ष राकेश जैन आंचलिया, सचिव राजेंद्र बंबोरिया, राहुल जैन सहित अनेक समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।