मंदसौर । जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती एकता जायसवाल, सीईओ जिला पंचायत श्री अनुकूल जैन ने 45 आवेदकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि आम नागरिकों की समस्याओं का समय पर समाधान किया जाए एवं कोई भी व्यक्ति अनावश्यक परेशान न हो। जनसुनवाई के दौरान आए विभिन्न प्रकरणों में त्वरित निर्देश जारी किए गए। देहरी निवासी भुवानसिंह ने मंदिर की भूमि से अतिक्रमण हटाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।
जिस पर तहसीलदार दलौदा को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैलारा निवासी रेशमबाई ने कृषि भूमि का विक्रय करने की अनुमति के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर तहसीलदार मल्हारगढ़ को जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। बर्रामा निवासी प्रहलाद ने सुचना का अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी प्रदाय करने के संबंध में आवेदन दिया।
जिस पर एसडीएम गरोठ को जांच कर आवश्यक जानकारी तत्काल प्रदान करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जनसुनवाई में पीएम सम्मान किसान सम्मान निधि का लाभ दिलवाने, सिमांकन करवाने, बिजली बिल प्रकरण का निराकरण करने, संबल योजना के आवेदन का निराकरण करवाने, नल जल योजना की अनियमितताएं दुर करने एवं शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त करने जैसे विविध प्रकार के आवेदन प्राप्त हुए।