सड़क किनारे रखी गुमटीयाँ व ठेले सहित 7 ट्रॉली सामान भी जप्त, 20 चालान बनाकर 10500 ₹ जुर्माना वसूला
नीमच। शहर के प्रमुख मार्गों पर दुकानदारों, गुमटी वालों व ठेले वालों द्वारा सड़क तक सामान फैलाकर यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले व्यवसाईयों का अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही नगर पालिका परिषद नीमच की मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया के निर्देश पर निरंतर जारी है। शुक्रवार व शनिवार को अंबेडकर मार्ग पर कार्यवाही के बाद सोमवार को भी नगर पालिका ने अंबेडकर रोड सांई मंदिर से भगवानपुरा चौराहा तक दुकानों के बाहर से अतिक्रमण हटवाते हुए अनेक दुकानों के सामने से सड़क तक फैलाया हुआ सामान के साथ ही अतिक्रमण के उद्देश्य से सड़क किनारे बंद अवस्था में रखें गये ठेले व गुमटिया सहित 7 ट्राली सामान भी जप्त किया गया तथा 20 अतिक्रमण कर्ताओ के चालान बनाकर 10500₹ जुर्माना भी वसूला।
सोमवार 27 जुलाई को मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती दुर्गा बामनिया के निर्देश पर नगर पालिका के राजस्व अधिकारी खेमचंद मुसले व टेकचंद बुनकर के नेतृत्व में सहायक राजस्व निरीक्षक महावीर जैन, तेज प्रकाश चोपड़ा, हेमंत सिसोदिया, महेंद्र साहू, योगेश टांकवाल, रवि खरे व स्वच्छता गेंग प्रभारी दीपक गोहर आदि ने नपा कर्मचारियों व जेसीबी, ट्रैक्टर ट्राली आदि संसाधनों के साथ दुकानों के बाहर दुकानदारों द्वारा सड़क तक फैला कर रखे गए सामान को हटवाने की कार्रवाई अंबेडकर रोड सांई मंदिर के सामने से प्रारंभ की और यहां से शिवाजी सर्कल, डाक बंगला रोड होते हुए भगवानपुरा चौराहा तक दुकानदारों को समझाइश देकर दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया और कुछ दुकानदारों द्वारा बार-बार कहने के बावजूद दुकान के बाहर रखा सामान नहीं हटाने पर सामान जप्त किया।
साथ ही अतिक्रमण की नीयत से सड़क किनारे रखी गई बंद गुमटियों व ठेलो को भी जप्त कर पुरानी नगर पालिका भिजवाया गया। कार्रवाई के दौरान 20 अतिक्रमण कर्ताओं के चालान बनाकर 10500₹ जुर्माना भी वसूल किया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती बामनिया ने बताया कि पार्किंग व्यवस्था व आवागमन को सुचारू बनाने के लिए दुकानों के बाहर सड़क किनारे तक सामान रखने वाले, गुमटी व ठेले वाले आदि के विरुद्ध कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी साथ ही अतिक्रमण व गंदगी फैलाने पर प्रथम बार ₹200 जुर्माना,दूसरी बार ₹500 जुर्माना, तीसरी बार ₹1000 जुर्माना व उसके बाद जप्त समान राजसात करने की कार्यवाही की जावेगी।