नीमच। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का 88वां स्थापना दिवस बल की जन्मस्थली नीमच स्थित ग्रुप केंद्र, सीआरपीएफ में उत्साह, गरिमा एवं देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया।
वर्ष 1939 में तत्कालीन क्राउन रिप्रेजेंटेटिव्स पुलिस के रूप में नीमच से प्रारंभ हुई सीआरपीएफ आज देश की आंतरिक सुरक्षा की सबसे सशक्त एवं विश्वसनीय बालों में अग्रणी है। समारोह का आयोजन श्रीमती नीतू डी. भट्टाचार्य, महानिरीक्षक, सीआरपीएफ, मध्य प्रदेश सेक्टर मुख्यालय, भोपाल के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती नीतू डी. भट्टाचार्य महानिरीक्षक द्वारा शौर्य स्थल में अमर शहीदों को बल के महानिदेशक की तरफ से पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि देने से हुआ। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण अभियान के अंतर्गत ग्रुप केंद्र एवं आसपास के क्षेत्रों में अब तक 8,888 विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। वहीं पी.एम. श्री केंद्रीय विद्यालय, सीआरपीएफ, नीमच की 88 छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया। इस अवसर पर संयुक्त अस्पताल, सीआरपीएफ, नीमच द्वारा निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया, जिसमें सीआरपीएफ कार्मिकों एवं उनके परिवारजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया.
भारत सरकार, गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार विशेष कैम्पैन के द्वारा सीआरपीएफ की गौरव गाथा से संबंधित विभिन्न विषयों पर लगातार प्रतियोगिताएं जैसे चित्रकला प्रतियोगिता, लघु वीडियो, क्विज़ प्रतियोगिता इत्यादि पिछले दिनों में आयोजित की गई, जिसमें नीमच स्थित विभिन्न स्कूल के बच्चों, सभी वर्गो के आम जनता ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से सीआरपीएफ के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति एवं गौरवपूर्ण विरासत को प्रभावशाली ढंग से बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया जिसे mygov.in वेबसाईट पर भी अपलोड किया गया। स्थापना दिवस समारोह में ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) अनुपम शर्मा उप महानिरीक्षक सीटीसी सीआरपीएफ नीमच, श्री प्रमोद कुमार सिंह उप महानिरीक्षक आरटीसी सीआरपीएफ नीमच, परिसर में स्थित रेंज कार्यालय, ग्रुप केंद्र, संयुक्त अस्पताल, प्रथम बटालियन एवं चतुर्थ सिग्नल बटालियन के अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में जवान उपस्थित रहे।दिनभर चले कार्यक्रमों के उपरांत सायंकाल ग्रुप केंद्र परिसर के सभी मेसों में पारंपरिक 'बड़ा खाना' का आयोजन किया गया। पूरे समारोह में अनुशासन, सेवा, समर्पण एवं राष्ट्रभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई तथा अधिकारियों, जवानों, परिवारजनों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता से सीआरपीएफ के 88वें स्थापना दिवस का यह आयोजन अत्यंत सफल एवं यादगार सिद्ध हुआ।