नीमच। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, हवाई पट्टी के सामने, विश्राम भवन के पास, चीताखेड़ा मेन रोड, नीमच द्वारा ग्रामीण युवाओं एवं महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से नि:शुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संस्थान में महिलाओं के लिए 6 अगस्त 2026 से 31 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण तथा 4 अगस्त 2026 से 12 दिवसीय बकरी पालन प्रशिक्षण प्रारंभ होगा। दोनों प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए पंजीयन प्रारंभ हो चुके हैं। प्रशिक्षण का लाभ केवल नीमच जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग के युवक-युवतियों एवं महिलाओं को मिलेगा। प्रवेश 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर दिया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 9111053516 पर संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। प्रशिक्षण अवधि के दौरान प्रतिभागियों के लिए आवास, भोजन एवं नाश्ते की नि:शुल्क व्यवस्था संस्थान द्वारा की जाएगी। साथ ही स्वरोजगार स्थापित करने के इच्छुक प्रशिक्षणार्थियों के ऋण आवेदन पत्र भी प्रशिक्षण केंद्र पर ही भरवाए जाएंगे, ताकि उन्हें वित्तीय सहायता प्राप्त करने में सुविधा हो सके। प्रशिक्षण के दौरान पशु चिकित्सा, कृषि, उद्यानिकी सहित विभिन्न विभागों के अनुभवी वैज्ञानिक एवं अधिकारी प्रतिदिन विषय विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षण देंगे। साथ ही संबंधित विभागों की ऋण योजनाओं, शासकीय सहायता कार्यक्रमों एवं स्वरोजगार से जुड़ी अन्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी भी प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त बैंकिंग सेवाओं, ऋण प्रक्रिया एवं वित्तीय संबंधी समस्याओं के समाधान के संबंध में भी प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया जाएगा।